मुरैना के कैलारस कस्बे की अयोध्या बस्ती में शुक्रवार रात एक सगे देवर ने अपनी भाभी की लोहे के सरिये से पीट-पीटकर हत्या कर दी। आरोपी अपने भतीजे की आगरा में तय हुई सगाई से नाराज था।
.
भतीजे की सगाई से नाराज था
पुलिस के अनुसार, विजय जोशी और उनके छोटे भाई संतोष जोशी का परिवार अयोध्या बस्ती में रहता है। विजय के बेटे विक्की की आगरा के एक परिवार में सगाई तय हुई थी, जिससे संतोष नाराज था। इसी बात को लेकर दोनों परिवारों में लगातार विवाद हो रहा था।
घटना के बाद अस्पताल में परिजन।
बेटे को बचाने आई भाभी को मारा सरिया, मौके पर मौत
शुक्रवार रात करीब 10 बजे शराब के नशे में धुत संतोष अपने साथियों सुरेश, विशंभर और कल्लू के साथ आया और विक्की को घर से बाहर बुलाकर मारपीट करने लगा। बेटे की चीखें सुनकर जब मां हरिप्यारी जोशी बचाने आईं, तो संतोष ने उनके सिर में लोहे का सरिया मार दिया, जिससे मौके पर ही उनकी मृत्यु हो गई। आरोपियों ने विक्की के पैर भी तोड़ दिए।

आरोपी फरार, तलाश जारी
कैलारस थाना प्रभारी बिरेश सिंह कुशवाह ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। सभी आरोपी फरार हैं और उनकी तलाश जारी है। पुलिस मृतका का पोस्टमॉर्टम करा रही है। घटना के बाद से ही परिजनों में आक्रोश है।