जतारा में नाव पर सवार होकर निकाली तिरंगा यात्रा: मदन सागर तालाब में तिरंगा लेकर लिया स्वच्छता का संकल्प, लगे भारत माता के जयकारे – Tikamgarh News

जतारा में नाव पर सवार होकर निकाली तिरंगा यात्रा:  मदन सागर तालाब में तिरंगा लेकर लिया स्वच्छता का संकल्प, लगे भारत माता के जयकारे – Tikamgarh News


स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में टीकमगढ़ जिले के जतारा में रविवार को एक अनोखी तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। ‘हर घर तिरंगा, हर घर स्वच्छता’ अभियान के तहत भाजपा कार्यकर्ताओं ने मदन सागर तालाब में नावों पर सवार होकर तिरंगा यात्रा निकाली।

.

नगर परिषद जतारा के अध्यक्ष रामजी नायक के नेतृत्व में आयोजित इस यात्रा में बड़ी संख्या में स्थानीय निवासियों ने भाग लिया। कार्यकर्ताओं ने हाथों में तिरंगा लेकर भारत माता के जयकारे लगाए और स्वच्छता का संकल्प लिया।

कलेक्टर विवेक श्रोत्रिय ने बताया कि आजादी के 78वें वर्ष के उपलक्ष्य में यह अनोखी तिरंगा यात्रा आयोजित की गई। नौकाओं पर तिरंगा फहराकर लोगों ने अपनी देशभक्ति की भावना का प्रदर्शन किया।

नगर परिषद अध्यक्ष रामजी नायक ने कहा कि इस बार अच्छी बारिश के कारण मदन सागर तालाब पानी से लबालब भर गया है। उन्होंने बताया कि तालाब में जमी जलकुंभी को जेसीबी की मदद से हटाकर तालाब को साफ-स्वच्छ बनाया गया है।

इसके अलावा ग्राम पंचायत बुडेरा में भी तिरंगा यात्रा निकाली गई। ‘हर घर तिरंगा, हर घर स्वच्छता: स्वतंत्रता का उत्सव, स्वच्छता के संग’ अभियान के तहत ग्रामीणों ने उत्साह के साथ तिरंगा यात्रा में भाग लिया।

ग्रामीणों ने हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति का प्रदर्शन किया और स्वतंत्रता के महत्व तथा स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए नारे लगाए। पूरे जिले में स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष में भाजपा की ओर से तिरंगा यात्राएं निकाली जा रही हैं।



Source link