लंबे इंतजार के बाद शनिवार शाम रायसेन जिले में तेज बारिश हुई, जिससे किसानों के चेहरे खिल उठे। करीब साढ़े सात बजे शुरू हुई बारिश डेढ़ घंटे तक लगातार चली। यह बारिश ऐसे समय पर हुई जब जिले के अधिकांश हिस्सों में धान और अन्य फसलें सूखने की कगार पर थीं। कृष
.
शनिवार को दोपहर से ही मौसम में बदलाव नजर आने लगा था। सबसे पहले सुल्तानपुर, बरेली और भोड़िया क्षेत्रों में बारिश शुरू हुई। इसके बाद शाम को रायसेन, सांची सहित जिले के कई हिस्सों में जोरदार बारिश दर्ज की गई। उमस भरी गर्मी से परेशान लोगों को जहां राहत मिली, वहीं खेतों को भी संजीवनी मिल गई।
सूख रहीं थीं फसलें, अब मिली उम्मीद
धान की फसल पानी के अभाव में मुरझाने लगी थी। किसानों की चिंता बढ़ गई थी कि यदि जल्द बारिश नहीं हुई तो पूरी फसल खराब हो जाएगी। कृषि वैज्ञानिक डॉ. स्वप्निल दुबे ने बताया कि इस बारिश से फसलों को पर्याप्त नमी मिलेगी और ‘यलो मोजेक’ जैसी बीमारियों से जूझ रही फसलें भी धीरे-धीरे सुधरेंगी।
जिले में 29 से 31 जुलाई के बीच अच्छी बारिश के बाद से अब तक केवल छिटपुट बूंदाबांदी हो रही थी। पिछले 10 दिनों से जिले में उल्लेखनीय वर्षा नहीं हुई थी। शनिवार को हुई झमाझम बारिश से उम्मीद बनी है कि अब कुछ दिन मौसम सक्रिय रहेगा। मौसम विभाग ने भी अगले कुछ दिनों तक बारिश की संभावना जताई है।

अब तक जिले में हुई 41.54 इंच बारिश
अब तक रायसेन जिले में कुल 41.54 इंच बारिश दर्ज की जा चुकी है, जबकि जिले की सामान्य औसत बारिश 47.13 इंच मानी जाती है।
क्षेत्र | अब तक हुई बारिश (इंच में) |
रायसेन | 31.89 इंच |
गैरतगंज | 38.23 इंच |
बेगमगंज | 47.31 इंच |
सिलवानी | 47.84 इंच |
गौहरगंज | 29.79 इंच |
बरेली | 45.97 इंच |
उदयपुरा | 59.21 इंच |
बाड़ी | 38.65 इंच |
सुल्तानपुर | 33.7 इंच |
देवरी | 42.91 इंच |