मध्यप्रदेश के उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल रविवार को वृंदावन के प्रसिद्ध रसिक संत प्रेमानंद महाराज के दर्शन के लिए सपरिवार पहुंचे। यहां उन्होंने एकांतिक वार्तालाप में भाग लिया और संत से भक्ति व कर्तव्य परायणता का उपदेश प्राप्त किया।
.
प्रेमानंद महाराज ने डिप्टी सीएम को संबोधित करते हुए कहा कि आप सरकार में सेवारत हैं, बहुत अच्छा है। अगर सत्य को साक्षी मानकर अपने कर्तव्य का पालन किया जाए तो और साथ में भगवान का स्मरण किया जाए तो गृहस्थ होते भी काम बन जाएगा। ऐसा करके सांसारिक कार्यों को करते हुए भी भगवान की प्रसन्नता को प्राप्त किया जा सकता है। सरकार में जो भी पद मिला है उसकी ईमानदारी से पालन करते हुए भय और लोभ से बचना चाहिए। धर्म के रास्ते पर चलकर देश सेवा और समाज सेवा करिए।
मुलाकात के बाद डिप्टी सीएम ने अपने सोशल मीडिया पर अनुभव साझा करते हुए लिखा “बिनु हरि कृपा मिले नहीं संता! वृंदावन की पावन भूमि पर सपरिवार श्री हित राधा केली कुंज पहुंचकर परम पूज्य प्रेमानंद महाराज से भेंट एक परम विशिष्ट आध्यात्मिक अनुभूति रही। उनका सान्निध्य प्राप्त होना निश्चित ही जनसेवा से अर्जित पुण्य का संचित फल है, जिसे पाकर अभिभूत हूं।”