सरदारपुर और बदनावर में काम पूरा; पीथमपुर में 2-3 महीने और लगेंगे।
धार में मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं देने के लिए चार जगहों पर सिविल अस्पताल बनाए जा रहे हैं। 38 करोड़ रुपए की लागत से सरदारपुर, बदनावर, पीथमपुर और मनावर में 50 बेड वाले सिविल अस्पताल बनाए जा रहे हैं।
.
इन अस्पतालों का निर्माण 2023 में शुरू हुआ था। निर्धारित 18 महीने की अवधि बीत चुकी है। सरदारपुर और बदनावर में अस्पताल भवन का निर्माण पूरा हो चुका है। लेकिन अभी लोकार्पण का इंतजार है। पीथमपुर में अभी दो से तीन महीने और लगेंगे। उसके बाद ही हैंडओवर की प्रक्रिया शुरू हो पाएगी।
कभी भी हो सकता है हादसा मनावर का वर्तमान सिविल अस्पताल जीर्ण-शीर्ण अवस्था में है। यहां आए दिन प्लास्टर गिर रहा है। कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। गायनिक वार्ड की स्थिति खराब होने के कारण इसे अन्य वार्ड में स्थानांतरित कर दिया गया है। बारिश के मौसम में छत से पानी टपकने से मरीजों को परेशानी होती है।
2023 में शुरू हुआ था काम, छत से पानी टपकने से मरीज परेशान मनावर में नए सिविल अस्पताल के लिए 9.61 करोड़ रुपए की लागत से 2023 में काम शुरू हुआ था। दो साल बीत जाने के बावजूद ये अभी तक पूरा नहीं हुआ है। बदनावर के वर्तमान सिविल अस्पताल में 30 बेड हैं। यहां ड्रेनेज की समस्या के कारण बारिश में मरीजों को परेशानी होती है। इस अस्पताल में 60 से अधिक गांवों के लोग इलाज के लिए आते हैं। कई बार बेड की कमी के कारण मरीजों को धार रेफर करना पड़ता है। ओपीडी में पर्याप्त सुविधाएं न होने से भी मरीजों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
नए सिविल अस्पताल का निर्माण हाल ही में हुआ पूरा बदनावर में 8.67 करोड़ रुपए की लागत से 50 बेड वाले नए सिविल अस्पताल का निर्माण हाल ही में पूरा हुआ है। नए अस्पतालों के पूरी तरह कार्यशील होने से क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी।सीएमएचओ डॉ आरके शिंदे का कहना है कि सिविल अस्पताल बिल्डिंग का निर्माण जल्द पूरा होगा। बदनावर व सरदारपुर अस्पताल का काम पूरा हो चुका है। मनावर व पीथमपुर का काम जारी है। इसमें थोड़ा समय और लगेगा।