रीवा में दीवारें गंदा करने और कचरा फैलाने पर लगेगा एक हजार रुपए का जुर्माना लगेगा। यह आदेश सोमवार को रीवा संभाग के कमिश्नर बीएस जामोद की तरफ से जारी किया गया है। कमिश्नर ने आदेश जारी करते हुए कहा कि सबसे अधिक गंदगी शासकीय कार्यालयों की दीवारों पर है।
.
संभाग के सभी जिलों में हर घर तिरंगा अभियान और हर घर स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत जिले के सभी कार्यालयों में साफ-सफाई और तिरंगा यात्रा के कार्यक्रम आयोजित किए गए हैं।
कमिश्नर बीएस जामोद ने शिल्पी प्लाजा ए ब्लॉक में चलाए जा रहे स्वच्छता अभियान का जायजा लिया। कमिश्नर ने ए ब्लॉक के विभिन्न कार्यालयों और परिसर का भ्रमण किया। कमिश्नर जामोद ने स्वच्छता अभियान में भी भागीदारी निभाई।
उन्होंने आदेश जारी कर अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश देते हुए कहा है कि सभी अधिकारी और कर्मचारी अपने कार्यालय और इसके परिसर की साफ-सफाई पर ध्यान दें। शिल्पी प्लाजा ए ब्लॉक में कई संभागीय और जिला कार्यालय संचालित हैं।
इसकी सीढ़ियों तथा दीवारों पर चारों ओर गंदगी फैली है। दीवारों को गंदा करने और कचरा फैलाने वालों पर एक हजार का जुर्माना लगाएं। अधिकारी-कर्मचारी कार्यालय को साफ-सुथरा और व्यवस्थित रखें।
उन्होंने कहा कि शासन के निर्देशों के अनुसार हर घर तिरंगा अभियान तथा हर घर स्वच्छता अभियान में पूरी जिम्मेदारी के साथ भागीदारी निभाएं। इसके बाद कमिश्नर जामोद और आयुक्त नगर निगम डॉ सौरभ सोनवड़े ने शिल्पी प्लाजा ए ब्लॉक से वेंकट भवन तक चलाए जा रहे साफ-सफाई अभियान में भागीदारी भी निभाई।
हालांकि अभी तक शासकीय कार्यालयों के बाहर और उनकी दीवारों पर काफी गंदगी भी देखी जाती है। जिसका बिल्कुल भी ध्यान नहीं दिया जाता। कमिश्नर के इस आदेश का क्या असर देखने को मिलेगा। यह आने वाले समय में देखने को मिलेगा।