सतना में पुलिस ने बाइक सवार दो भाइयों से मारपीट करने वाले तीन आरोपियों को 24 घंटे के अंदर गिरफ्तार कर लिया है। सभापुर पुलिस के अनुसार, रविवार दोपहर को लालमन साकेत अपने भाई कृष्णपाल साकेत के साथ बाइक से सभापुर जा रहे थे।
.
सन्यासी बाबा के पास बोलेरो (एमपी 13 जेडटी 3162) में सवार लोगों से बहस हो गई। आरोपियों ने कट्टा दिखाकर दोनों भाइयों की पिटाई कर दी। एक राहगीर ने इस घटना का वीडियो बना लिया। सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद ये मामला पुलिस के संज्ञान में आया।
कार के रजिस्ट्रेशन नंबर से हुई आरोपियों की पहचान पुलिस ने पीड़ितों की शिकायत पर मारपीट, एडी एक्ट और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया। कार के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर आरोपियों की पहचान की गई। पुलिस ने सिंधी कैम्प, कोलगवां निवासी सुनील चौधरी (19), सूरज चौधरी (22) और करण चौधरी (21) को गिरफ्तार किया।
कट्टा और बोलेरो जब्त आरोपियों से 315 बोर का कट्टा और बोलेरो जब्त की गई है। सुनील और सूरज के खिलाफ कोलगवां थाने में हत्या और हत्या के प्रयास समेत कई अपराध दर्ज हैं। दोनों भाई जमानत पर जेल से बाहर थे।