गुना जिले के चांचौड़ा में एक युवक से जबरन शराब के लिए पैसे मांगने और मारपीट करने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। यह कार्रवाई गुना पुलिस द्वारा अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई।
.
पैसों की मांग कर की मारपीट मामला चांचौड़ा थाना क्षेत्र के बीनागंज इलाके का है। जानकारी के अनुसार, दीपक पुत्र संतोष शर्मा, निवासी ग्राम अजगरा, ने बीनागंज चौकी में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। युवक ने बताया कि वह बीनागंज-चांचौड़ा में दूध देकर वापस अपने गांव लौट रहा था।
रास्ते में वह पेट्रोल पंप पर मोटरसाइकिल में पेट्रोल भरवा रहा था, तभी दो बाइक पर सवार जयसिंहपुरा निवासी तरुण राजपूत और बीनागंज निवासी गौरव शाक्यवार, अपने तीन अन्य साथियों के साथ वहां पहुंचे।
आरोपियों ने दीपक से शराब पार्टी के लिए एक हजार रुपए की मांग की। जब उसने पैसे देने से इनकार किया तो वह अपने गांव के लिए निकल गया। कुछ दूरी पर चारनपुरा ब्रिज के पास आरोपियों ने उसे फिर से रोका और पैसे देने का दबाव बनाते हुए लात-घूंसे से मारपीट शुरू कर दी। इसी बीच दीपक के कुछ परिजन वहां पहुंच गए, जिन्हें देखकर आरोपी भाग निकले।
बीनागंज पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने तेजी से की कार्रवाई
घटना की शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। गुना एसपी अंकित सोनी के निर्देशन, एएसपी मानसिंह ठाकुर और एसडीओपी मनोज कुमार झा के मार्गदर्शन में चांचौड़ा थाना प्रभारी प्रमोद कुमार साहू, बीनागंज चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक अजयप्रताप सिंह और उनकी टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए कुछ ही घंटों में एक आरोपी को पकड़ लिया।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। बाकी आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि जिले में अपराधियों के खिलाफ सख्त अभियान लगातार जारी रहेगा।