तालाब में डूबे युवक की तलाश करती एसडीआरएफ।
ग्वालियर में भैंस चराकर लौट रहा एक चरवाहा भंवरपुरा के तालाब में डूब गया। घटना के समय वहां और भी कई चरवाहे मौजूद थे, लेकिन जब तक उसे बचाने का प्रयास किया जाता, वह गहरे पानी में चला गया।
.
घटना मंगलवार शाम 7 बजे भंवरपुरा में वन चौकी के पास तालाब की है। घटना की जानकारी मिलते ही भंवरपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। साथ ही एसडीआरएफ की टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया, लेकिन रात 9 बजे अंधेरा होने के कारण ऑपरेशन रोकना पड़ा। अब बुधवार सुबह रेस्क्यू दल फिर से प्रयास शुरू करेगा।
बताया गया है कि भंवरपुरा के डाडा खिरक निवासी 45 वर्षीय कोक सिंह गुर्जर अपने घर से भैंसों को लेकर गांव के पास चराने के लिए निकला था। उसके साथ गांव के और भी लोग थे। शाम के समय सभी अपने-अपने मवेशियों को लेकर गांव वापस लौट रहे थे। इसी दौरान कोक सिंह की एक भैंस तालाब में चली गई। उसने देखा तो पहले आवाज देकर बाहर निकालने की कोशिश की, लेकिन जब बात नहीं बनी तो वह भैंस को निकालने के लिए खुद तालाब में उतर गया।
तालाब में बरसात का पानी काफी भर गया था, इसलिए कोक सिंह को अंदाजा नहीं था कि तालाब की गहराई बहुत ज्यादा हो चुकी है। जैसे ही वह तालाब में कूदा, गहराई में चला गया और देखते ही देखते पानी में समा गया। उसके साथ आए अन्य लोग शोर मचाते रहे, लेकिन उसे बचाने कोई भी पानी में नहीं कूदा। घटना की जानकारी मिलते ही भंवरपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और बिना देर किए एसडीआरएफ की टीम को बुला लिया।
अंधेरा होने पर नहीं हो सका रेस्क्यू, आज फिर होगा जब घटना स्थल पर एसडीआरएफ की टीम पहुंची तो काफी अंधेरा हो चुका था। जिस कारण कुछ देर रेस्क्यू करने के बाद अभियान को रोकना पड़ा। भंवरपुरा थाना पुलिस का कहना है कि बुधवार सुबह तालाब में डूबे चरवाहा की फिर से तलाश की जाएगी। हालांकि गांव वाले भी तालाब पर नजर रखे हुए है। फिलहाल हादसे के बाद गांव के लोग जाग रहे हैं और परिजन तालाब के पास बैठे हैं।
घाटीगांव एसडीओपी शेखर दुबे ने बताया
भंवरपुरा में भैंस चराने गया एक चरवाहा तालाब में डूब गया है। अंधेरा होने के कारण उसकी तलाश नहीं हो सकी। बुधवार सुबह एसडीआरएफ की टीम फिर से तलाश शुरू करेगी।
