25×50 मीटर का पूल; सौ टैंकर से ज्यादा पानी की आवश्यकता।
धार के उदय रंजन क्लब में 3 करोड़ रुपए की लागत से राष्ट्रीय स्तर का स्विमिंग पूल बनकर तैयार हो गया है। इस सप्ताह के अंत तक पूल का लोकार्पण किया जा सकता है। प्रशासनिक स्तर पर कार्यक्रम की तारीख अभी तय नहीं हुई है।
.
निर्माण एजेंसी को सभी बचे हुए काम 15 अगस्त तक पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। हालांकि, सबसे बड़ी चुनौती पूल के लिए पानी की व्यवस्था को लेकर है। खेल विशेषज्ञों ने पहले ही इस समस्या को लेकर चिंता जताई थी। लेकिन उस समय इस मुद्दे पर ध्यान नहीं दिया गया। अब नगर पालिका इस समस्या के समाधान में मदद करेगी।
2.94 करोड़ की कुल लागत से बनकर तैयार हुआ है पूल दरअसल 17 दिसंबर 2024 को निर्माण कार्य का भूमिपूजन हुआ था, यहां पर 25 बाय 50 मीटर क्षमता वाला पूल 2.94 करोड़ की कुल लागत से बनकर तैयार हुआ है। पूल निर्माण में भी लंबा वक्त लगा है। यही कारण है कि चार महीने में बनने वाला स्विमिंग पूल 11 महीने में बनकर तैयार हुआ। स्विमिंग पूल का एक बार भरने के लिए 16 लाख 87 हजार लीटर के लगभग (सौ टैंकर से ज्यादा) पानी लगेगा। इतने पानी की व्यवस्था करना भारी पड़ रहा है। क्योंकि शहर में पानी की किल्लत पहले से बनी हुई है। नगर पालिका तीन दिन पानी दे रही हैं, ऐसे में स्विमिंग पूल के लिए पानी जुगाड़ करना महंगा साबित हो रहा है।
17 लाख लीटर पानी की जरूरत; शहर में पहले से पानी की किल्लत।
नपा ने संपवेल से पानी देने से किया इनकार लोकार्पण के बाद भी पूल में पर्याप्त पानी की मात्रा रखना जरुरी हैं, पीडब्ल्यूडी अधिकारियों के अनुसार स्विमिंग पूल के पास जो बोरिंग लगा है, उसमें पर्याप्त पानी नहीं है। उन्होंने नपा के संपवेल से पानी देने की मांग रखी थी। जिसपर नपा अधिकारियों ने मना कर दिया। इसके बाद तय हुआ कि लालबाग और एसपीडीए ग्राउंड पर लगे अन्य दो बोरिंग से पानी लेकर स्विमिंग पूल में डाला जाएगा। स्पोट्र्स विशेषज्ञ शमशेर सिंह यादव ने बताया कि राष्ट्रीय स्तर के स्विमिंग पूल निर्माण के साथ ही जलस्रोत भी देखा जाना था। लेकिन इसकी तैयारी नहीं की गई। उसका खामियाजा तैराकों को उठाना पड़ सकता है।
शहर में जल संसाधनों की कमी बनी बड़ी चुनौती शहर में पानी के लिए कोई बड़ी नदी या डैम नहीं है। पूरे साल तालाबों से पानी आता है, जो फिल्टर प्लांट से सप्लाई होता है। बारिश के मौसम में जब स्विमिंग पूल भरने के लिए पानी नहीं मिल रहा है, तो गर्मी में कैसे पूर्ति होगी। वहीं साल में पानी बदलने की नौबत आती है, तो ये बड़ी चुनौती होगा।
बोरिंग से पूल भरने की तैयारी पीडब्ल्यूडी एसडीओ भास्कर मालवीय कहा कि स्विमिंग पूल का काम लगभग पूरा हो गया है। 15 अगस्त तक बचा हुआ काम पूरा कर लिया जाएगा। विभाग ने बोरिंग किया हैं, लेकिन अभी बरसात कम होने से पानी कम मिल रहा है। नगर पालिका से बातचीत हुई है। लालबाग और एसपीडीए ग्राउंड के बोरिंग से पानी लेकर भरा जाएगा।