Last Updated:
Vegetables For Kitchen Garden: अगर आप चाहते हैं कि आपके परिवार को शुद्ध और ताजी सब्जियां मिलें, तो अब समय है कि आप खुद अपने घर में ही कुछ खास सब्जियां उगाना शुरू करें. (रिपोर्ट:सावन पाटिल)
घर में बागवानी करना कोई मुश्किल काम नहीं है. थोड़ा सा समय, थोड़ी सी जगह और थोड़ी देखभाल – बस, इतनी सी बात है. कई भारतीय सब्जियां ऐसी हैं, जिन्हें आप आसानी से गमले या बालकनी में उगा सकते हैं. न जमीन की जरूरत, न खेत की – बस थोड़ा मन और मेहनत चाहिए.

टमाटर: हर घर की रसोई में इस्तेमाल होने वाला टमाटर गमले में बहुत आसानी से उगाया जा सकता है. टमाटर के बीज को मिट्टी में डालें और रोज हल्का पानी दें. करीब ढाई महीने में पौधा फल देने लगेगा. अगर अच्छे से खाद देते रहेंगे तो जल्दी और ज्यादा टमाटर मिलेंगे.

पालक: पोषक तत्वों से भरपूर पालक कम जगह में भी उगाई जा सकती है. इसके लिए गहरा गमला नहीं चाहिए. पालक जल्दी उगने वाली सब्जी है और हर दस-पंद्रह दिन में इसकी नई कटिंग ली जा सकती है.

करेला, तोरई और सेम की फली: ये बेल वाली सब्जियां हैं जिन्हें आप अपनी बालकनी की जाली या दीवार के सहारे उगा सकते हैं. करेला जल्दी फल देने लगता है और बाकी दोनों भी करीब पचास दिनों में तोड़ी जा सकती हैं.

हरी मिर्च: बारिश का मौसम मिर्च के लिए शानदार होता है. गमले या क्यारी में इसे बो सकते हैं. एक महीने में पौधा तैयार हो जाएगा और फिर धीरे-धीरे हरी मिर्च लगने लगेगी.

बैंगन: बैंगन के लिए थोड़ा गहरा और बड़ा गमला लें. लगभग चालीस दिनों में ये पौधा फल देना शुरू कर देता है. ध्यान रखें कि इस पर कीड़े न लगें, बाकी इसे उगाना आसान है.

भिंडी: भिंडी भी घर की छत या टेरेस गार्डन में आराम से उगाई जा सकती है. एक से दो हफ्ते में पौधा निकलता है और डेढ़ महीने के भीतर भिंडी तोड़ने लायक हो जाती है.

अगर आपके पास थोड़ी जगह और थोड़ा वक्त है तो अपने घर के आंगन, छत या बालकनी को एक छोटा सा सब्जीघर बना सकते हैं. हर सुबह अपने हाथों से उगाई गई सब्जी तोड़ने का सुख कुछ और ही होता है.