Live now
Last Updated:
MP Monsoon News Update: मध्यप्रदेश में मानसून फिर एक्टिव, छतरपुर में 5 इंच बारिश, खजुराहो में जलभराव. आज 14 जिलों में भारी बारिश और वज्रपात का अलर्ट जारी.
एमपी में मानसून का कहर
भोपाल. मध्य प्रदेश में मानसून एक बार फिर पूरी तरह एक्टिव हो गया है. सोमवार को कई जिलों में जमकर बारिश हुई और कई जगह जलभराव की स्थिति बन गई. सबसे ज्यादा पानी छतरपुर जिले में बरसा, जहां 5 इंच से ज्यादा बारिश रिकॉर्ड हुई. खजुराहो की सड़कें और गलियां पानी में डूब गईं, जिससे लोगों को आवाजाही में दिक्कत हुई.
मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार देर रात विदिशा में भी तेज बारिश हुई. वहीं, सागर, खंडवा, नरसिंहपुर और दमोह में 1 से 2 इंच तक पानी बरसा. भोपाल, सीहोर, नर्मदापुरम, शाजापुर, देवास, उज्जैन, बड़वानी, शिवपुरी, सीधी और रीवा जिलों में भी बारिश का सिलसिला जारी रहा.
पिछले 24 घंटों में दमोह के पथरिया में सबसे ज्यादा 102 मिमी बारिश हुई. खजुराहो में 85.2 मिमी, गोहरगंज (रायसेन) में 82.6 मिमी और बतियागढ़ (दमोह) में 73 मिमी पानी बरसा. प्रदेश में अब तक औसत से 29% ज्यादा बारिश हो चुकी है पूर्वी MP में 36% और पश्चिमी MP में 23% ज्यादा.
मौसम वैज्ञानिक दिव्या सुरेंद्रन के मुताबिक, पश्चिमी उत्तर प्रदेश के ऊपर एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन एक्टिव है. इसके अलावा गुजरात के कच्छ में भी एक और सिस्टम बना है और बंगाल की खाड़ी में अगले 48 घंटे में लो प्रेशर एरिया बनने की संभावना है.
मौसम विभाग ने ग्वालियर, दतिया, भिंड, मुरैना, श्योपुरकलां, सतना, कटनी, पन्ना, दमोह, सागर, छतरपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी और मैहर में भारी बारिश और वज्रपात का अलर्ट दिया है. इसके अलावा बाकी जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है.
तेज बारिश के चलते कई जिलों में पारा गिरा. खजुराहो में अधिकतम तापमान 34.2 डिग्री, भोपाल में 29.6 डिग्री और पचमढ़ी में न्यूनतम तापमान 19.6 डिग्री दर्ज हुआ.