शातिर बदमाश को ले जाती हुई बरोही थाना पुलिस।
भिंड पुलिस ने मंगलवार को एक साल से फरार चल रहे 30 हजार के इनामी बदमाश सतीश गुर्जर को गिरफ्तार कर लिया। सतीश पर लूट, डकैती, हत्या का प्रयास, चोरी, अवैध वसूली और नकबजनी जैसे कुल 25 गंभीर मामले दर्ज हैं।
.
सतीश भिंड, दतिया, ग्वालियर और मुरैना जिलों में सक्रिय था। वो गोहद और आसपास के इलाकों में क्रशर मालिकों और ट्रैक्टर-ट्रॉली चालकों से टेरर टैक्स वसूलकर दहशत फैलाता था। उसकी गिरफ्तारी पर चंबल रेंज के आईजी ने 30 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था।
ऐसे हुई गिरफ्तारी जानकारी के मुताबिक एसपी डॉ. असित यादव के निर्देशन में बरोही टीआई अतुल भदौरिया को सूचना मिली कि सतीश गुर्जर बंकेपुरा गांव के पास छिपा है। बरोही पुलिस और साइबर सेल की टीम ने इलाके की घेराबंदी कर ली।
पुलिस को देखते ही सतीश भागने लगा और एक मकान की दीवार कूद गया। इस दौरान वह घायल हो गया और पुलिस ने उसे पकड़ लिया। बाद में उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
सतीश पर बरोही में भी कई केस दर्ज थे बरोही टीआई अतुल भदौरिया का कहना है कि सतीश पर पेट्रोल पंप डकैती, टैरर टैक्स वसूली समेत चोरी जैसे कई मामले दर्ज हैं। उसके खिलाफ भिंड, ग्वालियर और शिवपुरी जिले के कई थानों में स्थायी वारंट भी जारी थे।
गिरफ्तारी में उमरी टीआई शिव प्रताप सिंह राजावत, साइबर सेल प्रभारी वैभव तोमर, एएसआई बाबू जादौन और पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।