बालाघाट में गुरुवार को जिला कांग्रेस कमेटी ने भाजपा और चुनाव आयोग पर ‘वोट की चोरी’ का आरोप लगाते हुए मशाल जुलूस निकाला। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर आयोजित इस जुलूस में कांग्रेस ने ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ की थीम पर विरोध प्रदर्शन किया।
.
शाम करीब 7:30 बजे, जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय, हनुमान चौक से शुरू हुआ यह मशाल जुलूस काली पुतली चौक तक गया। इसमें जिले के चारों विधायक संजय उइके, अनुभा मुंजारे, मधु भगत और विवेक पटेल सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए। जुलूस के बाद काली पुतली चौक पर एक सभा हुई, जिसे सभी विधायकों ने संबोधित किया।
लोकतंत्र और संविधान बचाने का आह्वान
जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष और विधायक संजय उइके ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार लोकतांत्रिक व्यवस्था में वोट की चोरी कर रही है। संवैधानिक संस्थाओं पर दबाव बना रही है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार भाजपा के पक्ष में काम कर रही है। लोकतंत्र की हत्या कर रही है। उइके ने चेतावनी दी कि यह लड़ाई अब नहीं रुकेगी और इसे सड़क से लेकर सदन तक लड़ा जाएगा, जब तक चुनाव आयोग अपनी जिम्मेदारी सही ढंग से नहीं निभाता।

विधायक बोलीं- केंद्र सरकार ने किया चुनाव आयोग पर कब्जा
विधायक अनुभा मुंजारे ने इस लड़ाई को जन आंदोलन बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यह लड़ाई लोकतंत्र को बचाने की है। उन्होंने सीधे तौर पर आरोप लगाया कि केंद्र सरकार ने चुनाव आयोग पर कब्जा कर लिया है।
मुंजारे ने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने तथ्यों और प्रमाणों के साथ ‘वोट चोरी’ का मुद्दा उठाया है, लेकिन निर्वाचन आयोग शपथ पत्र की मांग कर रहा है, जिससे यह साफ होता है कि आयोग भाजपा सरकार के इशारे पर काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि जब कोर्ट सबूतों पर फैसला देता है तो चुनाव आयोग शपथ पत्र क्यों मांग रहा है? उन्होंने सभी से लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए एकजुट होकर लड़ने की अपील की।