सतना जिले में खरीफ सीजन के दौरान खाद की भारी कमी से किसान परेशान हैं। हालात ऐसे हैं कि किसान रात से ही टोकन लेने के लिए लाइन में लग रहे हैं, लेकिन न तो टोकन मिल रहा है और न ही खाद। नाराज किसानों ने नागौद में एनएच-39 पर जाम लगा दिया।
.
किसानों ने किया हंगामा गुरुवार को दो गोदामों में हंगामा हुआ, जिनमें नागौद की स्थिति सबसे ज्यादा तनावपूर्ण रही। जिला प्रशासन ने टोकन व्यवस्था लागू की है, लेकिन खाद की सप्लाई मांग के मुताबिक नहीं हो पा रही। मार्कफेड के सतना और सिविल लाइन गोदाम में भी किसान सुबह से लाइन में खड़े हैं।
पन्ना-सतना रोड पर किसानों द्वारा लगाए गए जाम को पुलिस ने समझाकर खत्म कराया। स्थिति संभालने के लिए एसडीएम सिटी राहुल सिलड़िया समेत कई अधिकारी मौके पर पहुंचे।
कालाबाजारी का भी लगाया आरोप किसानों का आरोप है कि बाजार में खाद 600 रुपए में खुलेआम बिक रही है। इस पर एसडीएम ने कहा कि अगर वीडियो सबूत मिले तो तुरंत एफआईआर दर्ज की जाएगी। खरीफ फसल की बुआई का समय बीत रहा है, जिससे किसानों की मेहनत और लागत दोनों पर असर पड़ रहा है। प्रशासन का कहना है कि जल्द ही अतिरिक्त खाद की सप्लाई कर स्थिति सामान्य की जाएगी।
किसानों ने सड़क पर लगाया जाम
