Last Updated:
रीवा जिले के आलमगंज गांव में खराब सड़क के कारण 90 वर्षीय बुजुर्ग को बांस-बल्ली के स्ट्रेचर पर 2 किलोमीटर ले जाना पड़ा. बारिश और कीचड़ से एम्बुलेंस गांव तक नहीं पहुंच पाई, कलेक्टर ने जांच के आदेश दिए.
परिजनों के मुताबिक, बुजुर्ग जमुना पाठक की तबीयत सुबह अचानक बिगड़ गई. उनका शुगर लेवल तेजी से गिर गया और ब्लड प्रेशर भी असामान्य हो गया. परिवार को डर था कि यह कार्डियक अटैक का मामला भी हो सकता है. परिजनों ने तुरंत एम्बुलेंस बुलवाई, लेकिन खराब सड़क और घुटनों तक कीचड़ की वजह से ड्राइवर ने वाहन घर से करीब 2 किलोमीटर पहले ही रोक दिया. मजबूर होकर परिवार ने बांस और बल्ली से एक अस्थायी स्ट्रेचर बनाया और बुजुर्ग को उसमें लिटाकर एम्बुलेंस तक पहुंचाया.
परिजन रमेश पाठक ने बताया कि समय पर इलाज न मिलने का डर परिवार को परेशान कर रहा था. उन्होंने कहा – आजकल अचानक कार्डियक अटैक के मामले ज्यादा आ रहे हैं, हम घबरा गए थे. इसलिए किसी भी तरह उन्हें अस्पताल पहुंचाना जरूरी था. इसके बाद बुजुर्ग को तुरंत संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत फिलहाल नाजुक बताई जा रही है.
स्थानीय निवासी शिवानंद द्विवेदी ने मीडिया को बताया कि आलमगंज गांव की सड़कें लंबे समय से जर्जर हैं. उन्होंने कहा- बारिश में सड़क पर घुटनों तक पानी और कीचड़ भर जाता है, पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है. चारपाई या स्ट्रेचर लेकर चलना तो और भी कठिन हो जाता है, क्योंकि पैर जमीन में धंसने लगता है. इसलिए बांस-बल्ली का सहारा लेना पड़ा. शिवानंद के मुताबिक, गांव में सड़क निर्माण का काम जारी था और उस पर मुरम और मिट्टी डाली गई थी, लेकिन घटिया गुणवत्ता के कारण बारिश में सड़क बह गई. ठेकेदार की लापरवाही और खराब मटेरियल के इस्तेमाल की वजह से यह हाल हुआ. कुछ दिन पहले भी एक महिला की जान पर इसी कारण संकट आ गया था.
कलेक्टर ने दिए जांच के आदेश
घटना के बाद रीवा कलेक्टर प्रतिभा पाल ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच के आदेश दिए हैं. उन्होंने जनपद सीईओ को सड़क की गुणवत्ता, निर्माण कार्य और ठेकेदार की भूमिका की जांच करने के निर्देश दिए हैं. रिपोर्ट मिलने के बाद कार्रवाई की बात कही गई है.
Dallu Slathia is a seasoned digital journalist with over 6 years of experience, currently leading editorial efforts across Madhya Pradesh and Chhattisgarh. She specializes in crafting compelling stories across …और पढ़ें
Dallu Slathia is a seasoned digital journalist with over 6 years of experience, currently leading editorial efforts across Madhya Pradesh and Chhattisgarh. She specializes in crafting compelling stories across … और पढ़ें