उज्जैन के मंगलनाथ मार्ग स्थित सांदीपनि आश्रम में स्वतंत्रता दिवस पर विशेष आयोजन किया गया। आश्रम में विराजमान श्रीकृष्ण, बलराम और सुदामा की प्रतिमाओं को तिरंगे वस्त्र पहनाए गए। साथ ही तिरंगे से बने मुकुट भी धारण करवाए गए।
.
सुबह मुख्य पूजन और अभिषेक के बाद प्रतिमाओं का श्रृंगार किया गया। मंदिर परिसर को तिरंगे झंडों से सजाया गया। आश्रम के कीर्ति व्यास ने बताया कि अन्य पाठशालाओं की तरह भगवान की पाठशाला में भी आजादी का उत्सव मनाया गया।
सांदीपनि आश्रम का ऐतिहासिक महत्व है। यहां श्रीकृष्ण ने अपने भाई बलराम के साथ 64 दिन तक शिक्षा प्राप्त की थी। इस दौरान उन्होंने 14 विद्याएं और 64 कलाएं सीखीं। उज्जैन में प्राप्त यही ज्ञान बाद में कुरुक्षेत्र में गीता के रूप में प्रकट हुआ। इसी ज्ञान के कारण श्रीकृष्ण योगेश्वर और जगद्गुरू कहलाए। यह शिक्षा परंपरा आज भी सांदीपनि आश्रम में जारी है।