अशोकनगर में कल (शनिवार) कृष्ण जन्माष्टमी होगा, इसे लेकर तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। युगल सरकार मंदिर को सजाया गया है। दर्शनार्थियों की सुविधा के लिए मंदिरों के आसपास बेरिकेडिंग की गई है।
.
भीड़ प्रबंधन के लिए दो वाहन पार्किंग स्थल निर्धारित किए गए हैं। पहला रघुवंशी धर्मशाला में और दूसरा श्री कृष्णा संस्थान परिसर में होगा। संस्थान के गेट और रघुवंशी धर्मशाला के पास बैरिकेडिंग की जाएगी। वाहनों का आवागमन एक तरफ से होगा। बैरिकेड किए गए स्थान और शनि मंदिर तक लाइटों से सजावट की जाएगी।
कार्यक्रम की शुरुआत जेल से होगी। कैदियों के साथ भगवान का जन्मदिन मनाया जाएगा। प्रसाद वितरण के बाद शहर में भक्ति शोभायात्रा निकलेगी। इसमें भगवान की झांकियां और भक्त मंडलियां शामिल होंगी।
शोभायात्रा का मार्ग मंदिर से शुरू होकर पछाड़ीखेड़ा, फुट ओवर ब्रिज, गांधी पार्क, पुराना बाजार रोड़, प्रोसेशन रोड, सुराना चौराहा और इंदिरा पार्क से होते हुए वापस मंदिर तक होगा। मार्ग में जगह-जगह पुष्प वर्षा से स्वागत किया जाएगा।
रात को मंदिर परिसर में भजन संध्या होगी। सुबह से मंदिर में प्रसाद वितरण किया जाएगा। आधी रात को कृष्ण जन्म महोत्सव मनाया जाएगा। निज मंदिर को विशेष रूप से सजाया जाएगा। कार्यक्रम में आतिशबाजी भी की जाएगी।