बालाघाट जिले में अवैध शराब के खिलाफ पुलिस की मुहिम जारी है। इस बार ग्रामीण थाना पुलिस ने अवैध शराब के बड़े सप्लायर नंदकिशोर उर्फ नंदू कुतराहे को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने शराब को मवेशियों के कोठे में छिपा रखा था।
.
ग्रामीण थाना पुलिस को अवैध शराब की सप्लाई के बारे में गुप्त सूचना मिली थी। इसी सूचना के आधार पर थाना प्रभारी अमित अग्रवाल ने अपनी टीम के साथ बगदर्रा में नंदू कुतराहे के घर पर छापा मारा। पुलिस को देखते ही नंदू भागने लगा, जिसे जवानों ने दौड़कर पकड़ लिया।
तलाशी लेने पर पुलिस को घर के पीछे मवेशी बांधने वाले टपरे (कोठे) से प्लास्टिक की बोतलों और डिब्बों में रखी गई 80 लीटर हाथ भट्ठी की कच्ची महुआ शराब मिली। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा में गिरफ्तार कर लिया है।
थाना प्रभारी अमित अग्रवाल ने बताया कि आरोपी नंदू पर पहले से ही चार अवैध शराब के मामले दर्ज हैं। वह लंबे समय से अवैध शराब की सप्लाई का काम कर रहा था।