Asia Cup 2025: एशिया कप 2025 के लिए भारतीय टीम की घोषणा अगले हफ्ते होने वाली है. अजीत अगरकर की अगुवाई वाली बीसीसीआई की चयन समिति खिलाड़ियों के नाम का ऐलान 19 अगस्त को कर सकती है. चयन समिति के सामने इस बार एक नहीं बल्कि कई बड़ी चुनौतियां हैं. टीम में जगह बनाने के लिए कई दावेदार हैं. उनमें टेस्ट के कप्तान शुभमन गिल प्रमुख हैं. 9 से 28 सितंबर तक इस टूर्नामेंट का आयोजन होगा. भारत 2023 में एशिया कप जीतने में सफल हुआ था. तब इसका आयोजन वनडे फॉर्मेट में हुआ था.
ये खिलाड़ी एशिया कप के दावेदार
भारतीय टीम में जगह बनाने वाले चार प्रमुख बल्लेबाजों को लेकर चर्चा काफी ज्यादा हो रही है. इनमें से शायद किसी एक या दो को जगह मिल सकती है. ऐसा भी हो सकता है कि इनमें से चारों को बाहर ही रहना पड़े. हम उन चारों बल्लेबाज के बारे में आपको यहां बता रहे हैं…
शुभमन गिल: अगर यह कोई और टी20 सीरीज होती तो चयनकर्ता गिल को टेस्ट के लिए आराम दे सकते थे, लेकिन यह एशिया कप है. इस टूर्नामेंट का महत्व अगले साल होने वाले टी20 विश्व कप को लेकर काफी ज्यादा है. शुभमन गिल को कप्तान के रूप में 28 सितंबर से शुरू हो रही दिलीप ट्रॉफी (फर्स्ट-क्लास मैच) में नॉर्थ जोन की कप्तानी करनी है. अगर उन्हें एशिया कप के लिए चुना जाता है, तो वह दिलीप ट्रॉफी का दूसरा मैच शायद नहीं खेल पाएंगे. भारत का पहला एशिया कप मैच 10 सितंबर को यूएई के खिलाफ है. यदि भारतीय टीम 28 सितंबर को फाइनल खेलती है, तो गिल को अगले ही दिन अहमदाबाद वापस लौटना होगा और 2 अक्टूबर से शुरू हो रही वेस्टइंडीज सीरीज की तैयारी करनी होगी.
ये भी पढ़ें: CPL 2025: कौन हैं पहले ही मैच में कहर बरपाने वाले वकार सलामखिल? शाकिब अल हसन-इमाद वसीम के उड़ाए होश
केएल राहुल: भारत के लिए 72 टी20 मैचों में 2265 रन बना चुके केएल राहुल इस फॉर्मेट में टीम इंडिया के लिए नवंबर 2022 से नहीं खेले हैं. उन्होंने आईपीएल के पिछले सीजन में जोरदार प्रदर्शन करके अपनी दावेदारी ठोकी है. राहुल ने 13 मैचों में 539 रन बनाए थे. अब देखना है कि उन्हें एशिया कप के लिए चुना जाता है या नहीं.
ईशान किशन: विस्फोटक विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन पर भी सबकी नजरें होंगी. वह नवंबर 2023 के बाद से भारत के लिए टी20 मैचों में नहीं खेल पाए हैं. ईशान ने 32 मुकाबलों में भारत के लिए 796 रन बनाए हैं. उनका औसत 25.67 और स्ट्राइक रेट 124.37 का रहा है. किशन ने आईपीएल के पिछले सीजन में सनराइजर्स हैदराबाद के लिए 14 मैचों में 354 रन बनाए थे.
ये भी पढ़ें: वर्ल्ड कप ट्रॉफी से ओलंपिक गोल्ड तक, आजादी के बाद लंदन से बारबाडोस तक लहराया तिरंगा, ये रहे टॉप मोमेंट्स
श्रेयस अय्यर: एशिया कप के लिए बड़े दावेदारों में एक श्रेयस अय्यर भी हैं. उन्होंने आईपीएल के पिछले सीजन में रनों की बारिश कर दी थी. अय्यर ने पंजाब किंग्स 17 मैचों में 604 रन बनाए थे. उनकी कप्तानी में टीम फाइनल तक पहुंची थी. अय्यर भारत के लिए पिछली बार टी20 इंटरनेशनल में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दिसंबर 2023 में खेले थे. वह टीम इंडिया के लिए 51 मैचों में 1104 रन बना चुके हैं. इस दौरान उनका औसत 30.66 और स्ट्राइक रेट 136.12 का रहा.