दमोह के तेजगढ़ थाना क्षेत्र में सोमवार शाम एक गंभीर सड़क हादसा हुआ। दो बाइक की आमने-सामने टक्कर में चार लोग घायल हो गए।
.
घायलों में पटेरिया स्कूल के शिक्षक वीरेंद्र राजपूत हैं। वे स्कूल से अपने घर तेजगढ़ लौट रहे थे। इसी दौरान अंधे मोड़ पर सड़क किनारे लगी झाड़ियों के कारण सामने से आ रही बाइक दिखाई नहीं दी और टक्कर हो गई। शिक्षक को गंभीर चोटें आईं। उन्हें जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है, जहां उनकी स्थिति गंभीर है।
दूसरी बाइक पर सवार पटेरिया निवासी भूरा (पिता प्रेम सिंह आदिवासी) भी गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे बेहोशी की हालत में तेंदूखेड़ा स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। हादसे में भरोटा बटियागढ़ निवासी 4 वर्षीय अनुराधा (पिता ओमकार आदिवासी) के गले में गंभीर चोट आई है। उसे तेजगढ़ प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र से तेंदूखेड़ा रेफर किया गया है। बच्ची की मां अंजना (24) को भी चोटें आई हैं।
झाड़ियों के कारण हो रहे हादसे
स्थानीय ग्रामीणों ने डायल 100 की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया। उनका कहना है कि सड़क के दोनों तरफ झाड़ियां होने से हादसे हो रहे हैं। ग्रामीणों ने सड़क निर्माण कंपनी पर भी आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि स्पीड ब्रेकर न होने से वाहन तेज गति से चलते हैं। उन्होंने जल्द से जल्द स्पीड ब्रेकर बनाने की मांग की है। तेजगढ़ पुलिस मामले की जांच कर रही है।