शिवांक द्विवेदी, सतना: खेती-किसानी के इस दौर में जब महंगी रासायनिक दवाएं किसानों की जेब पर भारी पड़ रही हैं. वहीं कुछ ऐसे भी देसी जुगाड़ निकल कर सामने आ रहे हैं जो किसानों के लिए किसी वरदान से कम नहीं हैं. सतना के किसान चंदन सिंह ने लोकल 18 से बातचीत में बताया कि सिर्फ गाय के दूध का माठा और लाल मिर्च मिलाकर तैयार किया गया घरेलू मिश्रण फसलों को कीटों से बचाने का बेहद असरदार और सस्ता उपाय है. खास बात यह है कि यह तरीका सब्ज़ी, फलों और फूलों की खेती में समान रूप से कारगर साबित होता है.
देसी नुस्खे से तैयार होगा असरदार कीटनाशक
इस प्राकृतिक दवा को बनाने के लिए एक लीटर गाय का माठा लिया जाता है. उसमें 50 ग्राम पिसी हुई लाल मिर्च डालकर अच्छे से मिलाया जाता है. इसके बाद इस मिश्रण को एक मिट्टी के घड़े में भरकर ज़मीन के नीचे गाड़ दिया जाता है और पूरे सात दिन तक सड़ने के लिए छोड़ दिया जाता है. इस प्रक्रिया के बाद तैयार मिश्रण को 5 से 7 लीटर पानी में घोलकर छाना जाता है और लीजिए तैयार हो गया आपका होम मेड कीटनाशक.
ऐसे करें खेतों और बगिया में इस्तेमाल
इस देसी कीटनाशक का उपयोग बेहद आसान है. तैयार घोल को 15 लीटर पानी में 1 लीटर मिलाकर खेतों और बगिया में छिड़काव किया जाता है. किसान बताते हैं कि नियमित छिड़काव करने से पौधों पर कीटों का असर न के बराबर रहता है और फसलें रोग मुक्त होकर हरी-भरी दिखती हैं.
रासायनिक दवाओं से राहत और पर्यावरण का संरक्षण
यह घरेलू नुस्खा न केवल किसानों की जेब को हल्का होने से बचाता है बल्कि मिट्टी की उर्वरता और पर्यावरण पर भी सकारात्मक असर डालता है. किसान भाइयों को जहां अब रासायनिक दवाओं पर हजारों रुपये खर्च नहीं करने पड़ेंगे वहीं इस प्राकृतिक दवा से खेती पूरी तरह से सुरक्षित और टिकाऊ बन सकेगी.