MP में मेघराजा का तांडव: कहीं वैन पानी में डूबी, कहीं ऑटो बह गया…कई जिलों में मूसलधार का अलर्ट!

MP में मेघराजा का तांडव: कहीं वैन पानी में डूबी, कहीं ऑटो बह गया…कई जिलों में मूसलधार का अलर्ट!


मध्य प्रदेश में मानसून इस वक्त पूरे जोश में है. सोमवार को नए सिस्टम के असर से कई जिलों में झमाझम बारिश हुई. कहीं हल्की फुहारें तो कहीं बादल फटने जैसे हालात बने. सबसे ज्यादा असर खरगोन, बुरहानपुर और अलीराजपुर जैसे जिलों में देखने को मिला, जहां नदियां-नाले उफान पर हैं और पानी घरों तक घुस गया.

कहाँ कितनी बारिश हुई?
पिछले 24 घंटे में खरगोन के भगवानपुरा में 72 मिमी बारिश दर्ज की गई. अलीराजपुर के सोंडवा में 62 मिमी और बुरहानपुर में करीब 59.4 मिमी पानी बरसा. उज्जैन में 1 इंच और दमोह में आधा इंच तक बारिश हुई. राजधानी भोपाल समेत इंदौर, जबलपुर, नर्मदापुरम, बैतूल, गुना और रतलाम जैसे जिलों में भी बादल जमकर बरसे.

तेज बारिश के चलते कई जगह हालात बिगड़े. खरगोन में एक वैन पानी में डूब गई. वहीं जबलपुर में नदी के तेज बहाव में एक लोडिंग ऑटो बह गया. कई इलाकों में नालों के उफान से गांवों का संपर्क भी कट गया.

मौसम वैज्ञानिकों की चेतावनी
मौसम वैज्ञानिक दिव्या सुरेंद्रन के मुताबिक, फिलहाल प्रदेश में कई सिस्टम एक्टिव हैं.

एक ट्रफ लाइन गुना से मंडला तक बनी हुई है.

पूर्वी उत्तर प्रदेश के ऊपर साइक्लोनिक सर्कुलेशन एक्टिव है.

पंजाब और अरब सागर क्षेत्र में भी सिस्टम बन रहा है.

इन सबके असर से अगले 5 दिन तक पश्चिमी मध्य प्रदेश में भारी से अति भारी बारिश की संभावना है.

कहाँ अलर्ट?
मंगलवार को नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, बुरहानपुर, खंडवा, खरगोन, बड़वानी, अलीराजपुर, धार, छिंदवाड़ा, सिवनी, बालाघाट और पांढुर्णा जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है. वहीं भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, जबलपुर सहित 40 से ज्यादा जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है.

तापमान का हाल
बरसात के बीच कई जिलों में पारा गिरा है. सबसे कम न्यूनतम तापमान खंडवा, खरगोन और पचमढ़ी में 19 डिग्री रिकॉर्ड हुआ. वहीं श्योपुर और टीकमगढ़ का अधिकतम तापमान 35 डिग्री तक पहुंचा.
बड़े शहरों की बात करें तो ग्वालियर सबसे गर्म रहा, जहां पारा 34.4 डिग्री दर्ज हुआ. भोपाल में 32.7, इंदौर में 31.8, उज्जैन में 32.8 और जबलपुर में 33.4 डिग्री तापमान रहा.



Source link