एबीजी मशीनों में लगने वाला कार्ट्रिज नहीं होने से एमवाय अस्पताल में भर्ती गंभीर मरीजों की एबीजी (आर्टेरियल ब्लड गैस) जांच डेढ़ साल से अस्पताल परिसर में नहीं हो पा रही है। ऐसे में मरीजों के सैंपल निजी लैब में भेजे जा रहे हैं।
.
पांच लाख रुपए की तीन मशीनें सर्जिकल आईसीयू, मेडिकल आईसीयू और आकस्मिक चिकित्सा केंद्र में धूल खा रही हैं। प्रतिदिन 40 मरीजों के सैंपल लिए जा रहे हैं। उधर, निजी लैब से जांच मिलने में देरी पर मरीजों को समय पर उपचार नहीं मिल पा रहा है।
60-70 हजार रुपए में आता है कार्ट्रिज
सर्जिकल और मेडिकल आईसीयू सहित तीन विभागों में लगाई गईं मशीनें महंगी और आधुनिक हैं, लेकिन प्रबंधन 60 से 70 हजार रुपए की कार्ट्रिज नहीं खरीद पा रहा है, जिससे मरीजों को परेशानी झेलना पड़ रही है। हर कार्ट्रिज से सीमित संख्या में जांच होती है, इसके बावजूद अस्पताल प्रबंधन ने इसका ध्यान नहीं रखा। एमजीएम मेडिकल कॉलेज और एमवायएच प्रशासन दोनों ही फाइलें एक-दूसरे पर डालकर जिम्मेदारी टाल रहे हैं।
मशीन बंद रहने की जानकारी नहीं, जल्द चालू कराएंगे
^ मेरे पास 8 अस्पतालों की जिम्मेदारी है। एमवायएच की जानकारी नहीं है। सुपर स्पेशिएलिटी में कुछ दिन पहले कार्ट्रिज सप्लाय करवाई है। एमवायएच में अधीक्षक से चर्चा करके मशीन जल्द चालू कराएंगे। – डॉ. अरविंद घनघोरिया, डीन, एमजीएम मेडिकल कॉलेज