एशिया कप 2025 की टीम का ऐलान होते ही इस दिग्गज ने अचानक छोड़ दी कप्तानी, कहा- अब युवा कप्तान तैयार करने का समय

एशिया कप 2025 की टीम का ऐलान होते ही इस दिग्गज ने अचानक छोड़ दी कप्तानी, कहा- अब युवा कप्तान तैयार करने का समय


Ajinkya Rahane Captaincy: भारतीय क्रिकेट में उठापटक के बीच एक बड़ी खबर आई है. अनुभवी बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे ने गुरुवार को घरेलू क्रिकेट में मुंबई टीम की कप्तानी छोड़ने का फैसला किया. रहाणे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पहले ट्विटर) पर एक पोस्ट के माध्यम से इसकी घोषणा की. उन्होंने बताया कि यह फैसला उन्होंने इसलिए लिया क्योंकि उन्हें लगा कि यह किसी नए लीडर को तैयार करने का सही समय है. रहाणे की कप्तानी में मुंबई ने पिछले सीजन में सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी जीती थी और वह इस टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज भी थे. इसके अलावा मुंबई ने रणजी ट्रॉफी के सेमीफाइनल तक का सफर तय किया था, जहां उसे विदर्भ से 90 रनों से हार का सामना करना पड़ा था.

रहाणे ने क्या लिखा?

रहाणे ने अपनी पोस्ट में लिखा, ”मुंबई टीम की कप्तानी करना और उसके साथ चैंपियनशिप जीतना मेरे लिए एक बड़ा सम्मान रहा है. नए घरेलू सत्र के शुरू होने से पहले मुझे लगता है कि यह किसी नए लीडर को तैयार करने का सही समय है और इसलिए मैंने कप्तान की भूमिका में न रहने का फैसला किया है.” 37 वर्षीय रहाणे ने यह साफ कर दिया है कि उनका संन्यास लेने का कोई इरादा नहीं है और वह एक खिलाड़ी के तौर पर सभी फॉर्मेट्स में मुंबई टीम के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध रहेंगे.

 

 

ये भी पढ़ें: ​संजू सैमसन OUT…शुभमन गिल-अभिषेक शर्मा ओपनर, एशिया कप में ऐसी होगी टीम इंडिया की प्लेइंग-11!

रहाणे का शानदार रिकॉर्ड

रहाणे ने आगे कहा, ”मैं एक खिलाड़ी के रूप में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन जारी रखने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध हूं और मुंबई के लिए और ट्रॉफी जीतने में मदद करने के लिए अपना सफर जारी रखूंगा. मैं आगामी सीजन का इंतजार कर रहा हूं.” रहाणे मुंबई के लिए प्रथम श्रेणी क्रिकेट में सर्वकालिक रन बनाने वालों की सूची में पूर्व भारतीय सलामी बल्लेबाज वसीम जाफर के बाद दूसरे स्थान पर हैं. उन्होंने 76 मैचों में 52 की औसत से 5932 रन बनाए हैं. उनके नाम प्रथम श्रेणी क्रिकेट में मुंबई के लिए 19 शतक भी हैं, जो जाफर के 29 शतकों के बाद दूसरे नंबर पर है.

केकेआर की कप्तानी पर सवाल?

37 साल के रहाणे ने पिछली बार आईपीएल के दौरान कोई पेशेवर क्रिकेट खेला था. उन्होंने कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के लिए 13 मैचों में 390 रन बनाए थे. अब जब रहाणे ने मुंबई की कप्तानी छोड़ दी है, तो यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या केकेआर भी अगले सीजन से पहले अपने कप्तान को बदलने का फैसला करती है. ऐसी खबरें थीं कि केकेआर केएल राहुल और संजू सैमसन जैसे बड़े नामों को ट्रेड करने पर विचार कर रही है, जो जरूरत पड़ने पर कप्तानी की भूमिका संभाल सकते हैं. श्रेयस अय्यर की कप्तानी में पिछला सीजन जीतने वाली केकेआर इस साल छठे स्थान पर रही थी.

ये भी पढ़ें: भगवान राम और हनुमान…सूर्यकुमार की ‘सनातनी’ घड़ी में पूरा अयोध्या, कीमत जानकर खुली रह जाएंगी आंखें

मुंबई का अगला कप्तान कौन?

मुंबई की टीम में कप्तानी के विकल्पों की कोई कमी नहीं है. टीम में श्रेयस अय्यर, सूर्यकुमार यादव, यशस्वी जायसवाल और सरफराज खान जैसे स्थापित खिलाड़ी मौजूद हैं. यशस्वी जायसवाल और सरफराज को छोड़कर बाकी सभी के पास कप्तानी का शानदार रिकॉर्ड है. श्रेयस तीन आईपीएल फ्रेंचाइजी की कप्तानी कर चुके हैं, जबकि सूर्यकुमार भारत की मौजूदा टी20 टीम के कप्तान हैं. यशस्वी जायसवाल के टेस्ट क्रिकेट में व्यस्त होने की वजह से मुंबई के चयनकर्ता ऐसे कप्तान की तलाश में होंगे जो अधिकांश सीजन के लिए उपलब्ध हो. अय्यर और सूर्यकुमार दोनों ही फिलहाल टेस्ट टीम का हिस्सा नहीं हैं, जो उन्हें रहाणे के बाद मुंबई क्रिकेट को आगे ले जाने के लिए आदर्श विकल्प बनाता है.





Source link