कब शुरू होगा बुजुर्गों का ‘लग्जरी होम’: RSS से जुड़े सेवा भारती ने लिया था जिम्मा, शर्तों पर ऐतराज के बाद सरकार करेगी बदलाव – Bhopal News

कब शुरू होगा बुजुर्गों का ‘लग्जरी होम’:  RSS से जुड़े सेवा भारती ने लिया था जिम्मा, शर्तों पर ऐतराज के बाद सरकार करेगी बदलाव – Bhopal News


मप्र सरकार के पहले पेड लग्जरी ओल्ड एज होम (वृद्धाश्रम) को शुरू होने में अभी और समय लग सकता है। इसके संचालन का जिम्मा लेने वाली सेवा भारती ने इसे 1 अगस्त से शुरू करने का दावा किया था, लेकिन इसके करार की शर्तों को लेकर सरकार और सेवा भारती के बीच सहमति

.

दरअसल, सेवा भारती ने जो प्रस्ताव दिया वो आरएफपी (रिक्वेस्ट फॉर प्रपोजल) की शर्तों के मुताबिक नहीं था, लिहाजा समाज कल्याण विभाग और सेवा भारती के बीच एग्रीमेंट नहीं हुआ। इसके बाद विभाग ने सेवा भारती को संचालन के लिए दिया टेंडर 14 अगस्त को निरस्त कर दिया है। अफसरों के मुताबिक नए नियम और शर्तों को शामिल कर नया टेंडर जारी किया जाएगा।

वहीं सेवा भारती का कहना है कि ओल्ड एज होम के संचालन को लेकर जो फैसला लेना है वो सरकार को लेना है। समाज कल्याण विभाग इसके संचालन के लिए तीन बार टेंडर निकाल चुका है। तीसरी बार में ये सेवा भारती को दिया था। अब चौथी बार नए सिरे से इसके संचालन का टेंडर जारी किया जाएगा।

बता दें कि 26 करोड़ की लागत से पीडब्ल्यूडी ने भोपाल में ओल्ड एज होम का भवन बनाया है। जिसमें 56 बुजुर्ग एक साथ रह सकेंगे। यहां उनके लिए सारी सुविधाएं जुटाई गई हैं।

जानिए क्या थी सेवा भारती को दिए टेंडर की शर्तें पेड ओल्ड एज होम के संचालन के लिए सरकार ने इसी साल की शुरुआत में टेंडर जारी किया था। सेवा भारती के अलावा एक और संस्था ने टेंडर भरा था, नियम और शर्तों को देखते हुए ये सेवा भारती को दिया गया। अब नियम के मुताबिक सेवा भारती को समाज कल्याण विभाग के साथ एग्रीमेंट करना था।

विभाग के एक अधिकारी के मुताबिक सेवा भारती ने वृद्धाश्रम के संचालन के लिए सामाजिक न्याय विभाग को 5 मई 2025 को प्रस्ताव दिया, जिसमें टेंडर की शर्त के मुताबिक 5 साल का एग्रीमेंट के बजाय 5 प्रतिशत की दर पर एक वर्ष के बराबर राशि जमा करने का सुझाव था। ये आरएफपी( रिक्वेस्ट फॉर प्रपोजल) की शर्तों के अनुरूप नहीं था।

इस पर विभाग ने 19 मई 2025 को पत्र लिखकर सेवा भारती को इसकी जानकारी दी। इसके बाद सेवा भारती ने 27 मई को 30 बिंदुओं का नया एग्रीमेंट ड्राफ्ट प्रस्तुत किया। यह भी आरएफपी के तय नियम के अनुसार नहीं था।

सेवा भारती ने अपनी शर्तों को संशोधित करने को कहा इस नए एग्रीमेंट ड्राफ्ट में सेवा भारती ने एक मुश्त 71.75 लाख रुपए की परफार्मेंस गारंटी राशि जमा करने के बजाय प्रति वर्ष 14.35 लाख रुपए का भुगतान करने का उल्लेख किया था, जो टेंडर की शर्तों के विरुद्ध था। सेवा भारती ने सुरक्षा निधि 5 लाख रुपए के स्थान पर 1 लाख रुपए जमा करने आरएफपी की अन्य शर्तें भी पूरी नहीं की थी।

विभाग ने दूसरी बार 30 मई को एक बार फिर सेवा भारती को पत्र भेजकर संशोधित एग्रीमेंट बनाने को कहा था, लेकिन सेवा भारती ने विभाग से अपनी शर्तों को संशोधित करने के लिए कह दिया। इतना ही नहीं, वृद्धाश्रम का संचालन शुरू करने के लिए सेवा भारती ने विभाग से ही बर्तन आदि की मांग की गई। यह बर्तन भी विभाग ने ही खरीद कर वृद्धाश्रम पहुंचाए थे।

जब सेवा भारती ने नए सिरे से एग्रीमेंट प्रस्तुत नहीं किया तो विभाग ने 14 अगस्त को टेंडर निरस्त कर दिया। समाज कल्याण विभाग के असिस्टेंट डायरेक्टर बलवान शाह उईके ने टेंडर निरस्त करने की पुष्टि की। भास्कर से बातचीत में उन्होंने कहा-

QuoteImage

सर्विस चार्ज कम करने के लिए कुछ नियमों और शर्तों में संशोधन किया जा रहा है। पेड ओल्ड एज होम के संचालन के लिए नई एजेंसी को नियुक्त करने के लिए जल्द ही नया टेंडर जारी किया जाएगा।

QuoteImage

नए टेंडर में नियम और शर्तों में होंगे ये 6 संशोधन समाज कल्याण विभाग के असिस्टेंट डायरेक्टर बलवान शाह उईके के मुताबिक नए टेंडर में नियम और शर्तों में संशोधन किया जा रहा है।

  1. टेंडर की अवधि 5 साल से घटाकर दो साल: किसी भी संस्था से ओल्ड एज होम के संचालन के लिए दो साल का एग्रीमेंट किया जाएगा। यदि संस्था का काम संतोषजनक रहा तो एग्रीमेंट को एक-एक साल के लिए रिन्यू करने का विकल्प होगा।
  2. दो महीने का सिक्योरिटी डिपॉजिट: यहां रहने के इच्छुक वरिष्ठ नागरिकों से दो महीने का सिक्योरिटी डिपॉजिट लिया जाएगा। जिस संस्था को टेंडर मिलेगा उसके बाद ये राशि तय होगी। सेवा भारती ने रजिस्ट्रेशन के वक्त 1 लाख रु. सिक्योरिटी अमाउंट जमा करना तय किया था।
  3. खाली कमरों का इस्तेमाल: टेंडर में ये भी जोड़ा गया है कि आश्रम में जो कमरे खाली रहेंगे उन्हें जरूरतमंद वरिष्ठ नागरिकों को एक या दो महीने के लिे अस्थाई रूप से आवंटित किया जा सकता है। इससे पहले ये नियम नहीं था।
  4. आश्रम में कोई और गतिविधि नहीं हो सकती: नए टेंडर के मुताबिक आश्रम को वरिष्ठ नागरिकों के आवास के अलावा किसी और मकसद या सुविधा के लिए इस्तेमाल नहीं किया जा सकेगा।
  5. भोजन और नाश्ते के प्रावधानों में संशोधन: नए टेंडर में भोजन और नाश्ते के प्रावधान भी बदले जाएंगे। हालांकि ये क्या होंगे इस बारे में अभी फैसला होना बाकी है।
  6. स्टाफ की संख्या में कमी: आश्रम में 56 बुजुर्ग एक साथ रह सकते हैं। यहां 22 डबल और 12 सिंगल रूम है। इसके लिए 80 लोगों के स्टाफ का प्रपोजल था, लेकिन विभाग अब इसमें कटौती करने जा रहा है। ये कितनी होगी ये तय होना बाकी है।
ओल्ड एज होम में घूमने के लिए गार्डन है, जिसके बीच में म्युजिकल फाउंटेन भी बनाया है।

ओल्ड एज होम में घूमने के लिए गार्डन है, जिसके बीच में म्युजिकल फाउंटेन भी बनाया है।

तीन टेंडर के बाद सेवा भारती को चुना था समाज कल्याण विभाग ने पेड ओल्ड एज होम के संचालन के लिए पिछले एक से डेढ़ साल में तीन टेंडर बुलाए हैं। साल 2024 में पीडब्ल्यूडी ने ओल्ड एज होम की बिल्डिंग तैयार कर समाज कल्याण विभाग को हैंडओवर की थी। समाज कल्याण विभाग के अधिकारियों के मुताबिक जब इसके संचालन के लिए पहला टेंडर जारी किया तब केवल दो ही संस्थाओं ने टेंडर भरा।

टेंडर की शर्तों के मुताबिक टेंडर में तीन संस्थाओं का होना जरूरी है। इसके बाद दूसरी बार टेंडर जारी किया गया इस बार भी केवल दो संस्थाओं ने ही रुचि दिखाई। विभाग ने तीसरी बार टेंडर जारी करते हुए इसमें तीन संस्थाओं की बाध्यता को खत्म कर दिया। इस बार सेवा भारती और एल्डर केयर निमा नाम की संस्था ने अप्लाई किया था।

टेंडर की शर्तों के आधार पर सेवा भारती का चयन किया गया था। अब टेंडर रद्द होने के बाद चौथी बार टेंडर जारी किया जाएगा।



Source link