रतलाम जिले के अंगेठी बड़ौदा गांव में आज (गुरुवार) मलेनी नदी पर बने पुल की रेलिंग पर फोटो खिंचवाते समय 17 वर्षीय किशोरी नदी में गिर गई।
.
काजल पिता परमानंद परिहार निवासी पल्दूना गांव अपने छोटे भाई के साथ खुद बाइक चलाकर माताजी मंदिर दर्शन करने गई थी। लौटते समय शाम करीब 4.20 बजे दोनों पुल पर रुके। काजल रेलिंग पर बैठ गई और छोटे भाई से फोटो खिंचवाने लगी। इसी दौरान संतुलन बिगड़ गया और वह नदी में गिर पड़ी।
घटना के बाद छोटा भाई घबराकर गांव पहुंचा और परिजनों को जानकारी दी। थोड़ी ही देर में खबर पूरे इलाके में फैल गई। ग्रामीण, परिजन और सरपंच नितेश धाकड़ मौके पर पहुंचे। पुलिस को भी सूचना दी गई। नामली और पिपलौदा थाना पुलिस टीम भी घटनास्थल पर पहुंची।
पूर्व सरपंच अभिषेक शर्मा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण नदी किनारे जुटे। सभी मिलकर किशोरी की तलाश में जुटे हैं।
नदी के पुल पर रेलिंग पर बैठे फोटो खिंचवाते हुए किशोरी का फोटो भी सामने आया है।