बुरहानपुर जिले में कल (22 अगस्त) पोला पिठोरा पर्व पर स्थानीय अवकाश रहेगा। कलेक्टर हर्ष सिंह ने गुरुवार को इस संबंध में आदेश जारी किए। कलेक्टर ने जनवरी में जारी तीन स्थानीय अवकाश के आदेश में संशोधन किया है।
.
27 अगस्त को गणेश चतुर्थी का स्थानीय अवकाश निरस्त कर दिया गया है। इसके स्थान पर 22 अगस्त शुक्रवार को पोला पिठोरा पर अवकाश रहेगा। यह अवकाश बैंक, कोषालय और उप कोषालय पर लागू नहीं होगा। जिन शैक्षणिक संस्थाओं में परीक्षाएं निर्धारित हैं, वहां भी अवकाश नहीं रहेगा।
पोला पिठोरा पर्व भादो माह की अमावस्या को मनाया जाता है। इस दिन किसान अपने बैलों और पशुओं को सजाते हैं। उनकी पूजा-अर्चना करते हैं और पुरनपोली खिलाते हैं। बैलों को रंग-बिरंगे फूलों से सजाया जाता है। इस दिन बैलों से कोई काम नहीं लिया जाता।
खंडवा संसदीय सीट से सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल ने कलेक्टर को पत्र भेजकर इस अवकाश की मांग की थी। जिले में यह पर्व हर साल धूमधाम से मनाया जाता है। त्योहार को लेकर बाजार में खरीदारी का माहौल बन गया है।
