Last Updated:
तमिलनाडु के विशाल थेनारासु कयालविझी ने बृहस्पतिवार को यहां राष्ट्रीय अंतर राज्यीय सीनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप की पुरुष 400 मीटर स्पर्धा में 45.12 सेकेंड के समय से राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया. इक्कीस साल के विशाल ने…और पढ़ें
400 मीटर दौड़ में विशाल ने बनाया नया नेशनल रिकॉर्ड तमिलनाडु के विशाल थेनारासु कयालविझी ने बृहस्पतिवार को यहां राष्ट्रीय अंतर राज्यीय सीनियर एथलेटिक्स चैंपियनशिप की पुरुष 400 मीटर स्पर्धा में 45.12 सेकेंड के समय से राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया.
इक्कीस साल के विशाल ने अपने प्रतिद्वंद्वियों को काफी पीछे छोड़ते हुए देश के सर्वश्रेष्ठ 400 मीटर धावक की अपनी दावेदारी और मजबूत की. उन्होंने 45.21 सेकेंड के पिछले राष्ट्रीय रिकॉर्ड में सुधार किया जो मोहम्मद अनस ने 2019 में बनाया था . इससे पहले विशाल का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 45.57 सेकेंड था जो उन्होंने मई में दक्षिण कोरिया में 2025 एशियाई चैंपियनशिप में चौथे स्थान पर रहने के दौरान बनाया था. विशाल हालांकि 44.85 सेकेंड के विश्व चैंपियनशिप के स्वत: क्वालीफिकेशन समय से चूक गए. तमिलनाडु के अनुभवी राजेश रमेश 46.04 सेकेंड के समय के साथ दूसरे स्थान पर रहे जबकि हरियाणा के विक्रांत पांचाल ने 46.17 सेकेंड के समय से तीसरा स्थान हासिल किया.
20 से 24 अगस्त तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में देश भर से 35 टीमों का प्रतिनिधित्व करने वाले लगभग 700 एथलीट चेन्नई में भाग ले रहे है. तमिलनाडु के कुछ प्रमुख एथलीटों में प्रवीण चित्रवेल (ट्रिपल जंप), विथ्या रामराज (400 मीटर बाधा दौड़), अभिनया राजराजन (100 मीटर) आदि शामिल हैं, जो इसमें भाग ले रहे हैं. अन्य राज्यों के अन्य प्रमुख एथलीटों में राष्ट्रीय भाला फेंक रिकॉर्ड धारक अन्नू रानी, पंजाब के दोहरे एशियाई खेल चैंपियन और पूर्व एशियाई शॉटपुट रिकॉर्ड धारक तजिंदरपाल तूर सिंह, ऊंची कूद में तीन बार के एशियाई रजत पदक विजेता तेजस्विन शंकर (दिल्ली), केरल के पूर्व एशियाई चैंपियन ट्रिपल जंपर अब्दुल्ला अबूबकर और 800 मीटर एशियाई खेलों के रजत पदक विजेता मुहम्मद अफसल शामिल हैं. इसके अलावा, ओडिशा के शीर्ष धावक अनिमेष कुजूर और असम के अमलान बोरगोहेन, केरल के लंबी कूद एशियाई रजत पदक विजेता मुरली श्रीशंकर, महाराष्ट्र के शीर्ष बाधा दौड़ खिलाड़ी तेजस शिरसे और ओडिशा के प्रज्ञान साहू भी इस दौड़ में शामिल कुछ शीर्ष नामों में शामिल हैं.