इंजीनियर को यात्रियों से भरी बस ने टक्कर मारी,मौत: दो साल पहले शादी हुई थी,नौ महीने की बेटी का पिता था; फील्ड से लौटते समय हुआ हादसा – Bhopal News

इंजीनियर को यात्रियों से भरी बस ने टक्कर मारी,मौत:  दो साल पहले शादी हुई थी,नौ महीने की बेटी का पिता था; फील्ड से लौटते समय हुआ हादसा – Bhopal News


भोपाल के सूखी सेवनिया टोल के करीब यात्रियों से भरी शक्ति ट्रैवल्स की बस ने इंजीनियर को कुचल दिया। हादसे के बाद आरोपी चालक और कंडक्टर बस को मौके पर छोड़कर फरार हो गए। ग्रामीणों ने एम्बुलेंस की मदद से घायल को हमीदिया अस्पताल पहुंचाया।

.

इलाज के दौरान शुक्रवार सुबह 7 बजे युवक की मौत हो गई। हादसा गुरुवार शाम करीब 6:30 बजे हुआ था। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। शुक्रवार दोपहर को पोस्ट मार्टम के बाद बॉडी को परिजनों के हवाले कर दिया गया है।

बी.टेक के बाद एमबीए कर मार्केटिंग जॉब कर रहा था युवक

जानकारी के मुताबिक पुनीतधर द्विवेदी (34) पुत्र भास्कर द्विवेदी मानस कॉलोनी फेस 1 मित्तल कॉलेज के पास करोंद में रहता था। भोपाल के प्राइवेट कॉलेज की ई.सी ब्रांच से बी.टेक करने के बाद उसने सागर के एक प्राइवेट कॉलेज से एमबीए किया। फिलहाल युवक V गार्ड कंपनी में टेरिटरी मैनेजर के पद पर काम कर रहा था।

इस बस की टक्कर से पुनीतधर की मौत हुई। हादसे के समय बस में यात्री सवार थे।

सामने से आ रही थी तेज रफ्तार बस

भोपाल और आसपास के पांच जिले उसके अंडर में थे। विदिशा में कंपनी कर्मचारियों की मीटिंग लेकर गुरुवार की शाम को एक्टिवा से घर लौट रहा था। भोपाल-विदिशा रोड पर सूखी सेवनिया टोल के पास यात्री से भरी बस ने उसे सामने से जोरदार टक्कर मारी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया था।

दो साल पहले हुई थी अरेंज मैरिज

पुनीतधर के पिता एमपीईबी के अधिकारी रहे हैं और चार साल पहले रिटायर्ड हो चुके हैं। मृतक के बड़े भाई भी इंजीनियर हैं। दो साल पहले पुनीत ने मां-पिता की मर्जी से रीवा की रहने वाली युवती से अरेंज मैरिज की थी। नौ महीने पहले ही उसके घर बेटी ने जन्म लिया था।

शुक्रवार दोपहर को पीएम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।

शुक्रवार दोपहर को पीएम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।

बस को जब्त कर थाने में खड़ा किया

केस की जांच कर रहे एसआई केसी यादव ने बताया कि हादसे के बाद आरोपी चालक मौके से फरार हो गया है। घटना के समय बस में यात्री सवार थे। बस को कब्जे में लेकर थाने में खड़ा कर लिया है। आरोपी चालक की तलाश कर उसे गिरफ्तार किया जाएगा। फिलहाल मर्ग कायम किया है।

दोस्त बोला समय पर इलाज मिलता तो जान बच जाती

मृतक के दोस्त अमित पुरोहित ने बताया कि जिस एम्बुलेंस से पुनीतधर को अस्पताल पहुंचाया गया, उसमें ऑक्सीजन से लेकर तमाम प्राथमिक इलाज की व्यवस्था नहीं थी। सूखी सेवनिया से हमीदिया अस्पताल तक की दूरी करीब बीस किलोमीटर है।

रास्ते में कई अस्पताल होने के बाद भी उसे यहां लाया गया। समय पर इलाज न मिलने के कारण पुनीतधर का खून अधिक बह गया। बस की चपेट में आने के कारण उसकी कमर और पेट पर काफी चोट लगी थी।



Source link