बीते 19 अगस्त, 2025 को भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने एशिया कप के लिए भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम और महिला वनडे वर्ल्ड कप के लिए भारतीय महिला क्रिकेट टीम का ऐलान किया. एशिया कप में भारत सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में खेलेगा, जबकि इसी साल 30 सितंबर से 2 नवंबर तक चलने वाले महिला वर्ल्ड कप में टीम इंडिया हरमनप्रीत कौर की अगुवाई में खेलेगी. इन टूर्नामेंट्स के लिए टीम का ऐलान होने के दो दिन बाद एक भारतीय क्रिकेटर ने संन्यास ले लिया है. इंस्टाग्राम पर पोस्ट शेयर कर उन्होंने अपने इस फैसले की जानकारी दी.
इस भारतीय क्रिकेटर ने लिया संन्यास
दरअसल, भारतीय महिला क्रिकेट टीम की गेंदबाज गौहर सुल्ताना ने रिटायरमेंट का ऐलान कर दिया है. उन्होंने क्रिकेट के सभी फॉर्मेट से संन्यास लिया. बाएं हाथ की स्पिन गेंदबाज गौहर सुल्ताना भारत की ओर से वनडे और टी20 में डेब्यू किया और कुल मिलाकर 87 मुकाबले खेले. उन्होंने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक बेहद ही भावुक पोस्ट करते हुए क्रिकेट को अलविदा कहने का बात कही.
इंस्टाग्राम पर किया भावुक पोस्ट
गौहर ने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक पोस्ट में लिखा, ‘वर्षों तक गर्व, जुनून और मकसद के साथ भारतीय जर्सी पहनने के बाद अब वक्त आ गया है कि मैं अपने क्रिकेट सफर के सबसे भावुक पल के बारे में लिखूं. यादों से भरे दिल और कृतज्ञता से भरी आंखों के साथ मैं सभी फॉर्मेट से संन्यास लेने की घोषणा करती हूं.’
‘यह सफर सपने से कम नहीं’
उन्होंने लिखा, ‘हैदराबाद की धूलभरी गलियों से लेकर विश्व क्रिकेट के भव्य मंच तक, यह सफर किसी सपने से कम नहीं रहा. भारत का प्रतिनिधित्व करना, चाहे वो वर्ल्ड कप हो, दौरे हों या फिर ऐसे मुकाबले जिन्होंने कौशल और जज्बे दोनों की परीक्षा ली हो, मेरे जीवन का सबसे बड़ा सम्मान रहा है. मैदान पर लिया गया हर विकेट, हर डाइव, साथियों के साथ की गई हर हडल ने मुझे उस क्रिकेटर और इंसान के रूप में गढ़ा, जो मैं आज हूं. टीम की साथियों को धन्यवाद. कोच, सेलेक्टर्स, सहयोगी स्टाफ और फैंस को धन्यवाद, जिन्होंने मुझ पर विश्वास किया.’
ये भी पढ़ें: इतिहास में पहली बार… 8वें नंबर पर उतरकर जड़ा शतक, ‘भारत के खूंखार गेंदबाज’ ने बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड
ऐसा रहा करियर
गौहर सुल्ताना ने मई 2008 में इंटरनेशनल डेब्यू किया था. उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ वनडे मैच के जरिए पहली बार भारत की जर्सी पहनी. वनडे फॉर्मेट में गौहर ने 50 मैच खेले, जिसमें 19.39 की औसत के साथ 66 विकेट लिए. उन्होंने टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में 37 मुकाबलों में 29 विकेट चटकाए. घरेलू क्रिकेट में अपनी फ्लाइट, स्पिन और सटीकता के लिए पहचाने जाने वालीं गौहर हैदराबाद, पुडुचेरी, रेलवे और बंगाल के लिए खेल चुकी हैं. इन सबके अलावा गौहर महिला प्रीमियर लीग का भी हिस्सा रही हैं. उन्होंने दो सीजन यूपी वॉरियर्स से खेला. 37 साल की इस क्रिकेटर का भारत के लिए आखिरी मैच 2014 में आया था, जिसके बाद उन्हें कभी टीम में मौका नहीं मिला.