Last Updated:
शिक्षा मंत्रालय ने युवाओं को भविष्य की तकनीक से जोड़ने के लिए SWAYAM पोर्टल पर 5 फ्री AI कोर्स लॉन्च किए गए हैं. इन फ्री AI कोर्सों में Physics, Chemistry, Cricket Analytics, Accounting और AI/ML using Python जैसे विषय शामिल किए गए हैं. ये कोर्स न केवल थ्योरी बल्कि प्रैक्टिकल अनुभव पर भी आधारित होंगे.

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) अब केवल टेक्नोलॉजी तक सीमित नहीं रहा बल्कि शिक्षा, खेल और प्रबंधन के क्षेत्र में भी इसकी उपयोगिता बढ़ चुकी है. इसी को देखते हुए शिक्षा मंत्रालय ने युवाओं को भविष्य की तकनीक से जोड़ने के लिए SWAYAM पोर्टल पर 5 फ्री AI कोर्स लॉन्च किए गए हैं.

जो भी छात्र AI की दुनिया में कदम रखना चाहते हैं, उनके लिए यह सुनहरा अवसर है. ये कोर्स घर बैठे ऑनलाइन किए जा सकते है और इसके लिए कोई फीस भी नहीं देनी होगी. पढ़ाई पूरी होने के बाद सर्टिफिकेट भी दिया जाएगा, जो आगे चलकर नौकरी और करियर में काफी मददगार साबित होगा.

Cricket Analytics with AI नाम का कोर्स खासतौर पर खेलों में रुचि रखने वालों के लिए बनाया गया है. इसमें क्रिकेट के आंकड़ों का विश्लेषण करना, डेटा साइंस और पायथन की शुरुआती जानकारी दी जाएगी. इस कोर्स का मूल्यांकन IIT मद्रास प्रवर्तक टेक्नोलॉजीज फाउंडेशन द्वारा किया जाएगा.

भौतिकी में रुचि रखने वाले छात्रों के लिए AI in Physics कोर्स उपलब्ध है. इसमें मशीन लर्निंग और न्यूरल नेटवर्क का उपयोग कर भौतिकी की वास्तविक समस्याओं को हल करने के तरीके सिखाए जाएंगे. इसके साथ ही लैब गतिविधियां और इंटरेक्टिव सेशंस भी शामिल होंगे ताकि छात्रों को प्रैक्टिकल नॉलेज मिल सके.

रसायन विज्ञान के छात्रों के लिए AI in Chemistry कोर्स बेहद खास है. इस कोर्स में पायथन के जरिए अणुओं के गुणों की भविष्यवाणी करना, दवा डिजाइन करना और रासायनिक प्रतिक्रियाओं का मॉडलिंग सीखने का मौका मिलेगा. इससे छात्रों को रिसर्च और हेल्थ सेक्टर में नए अवसर प्राप्त हो सकते हैं.

वाणिज्य और प्रबंधन के छात्रों के लिए AI in Accounting कोर्स लॉन्च किया गया है. इसमें वास्तविक डेटा सेट्स और प्रैक्टिकल अभ्यास शामिल होंगे. यह कोर्स स्नातक की पढ़ाई शुरू करने वाले छात्रों के लिए भी उपयोगी है, जिससे उन्हें करियर की शुरुआती पढ़ाई में ही तकनीकी ज्ञान मिल सके.

वहीं, AI/ML using Python कोर्स भी शुरू किया है. इसमें छात्रों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और मशीन लर्निंग की बुनियादी जानकारी दी जाती है. कोर्स में पायथन प्रोग्रामिंग, डेटा विजुअलाइजेशन, बेसिक गणित, सांख्यिकी और ऑप्टिमाइजेशन जैसे विषय शामिल हैं. यह कोर्स उन छात्रों के लिए उपयुक्त है जिनके पास हाई स्कूल स्तर की गणित और प्रोग्रामिंग की मूल जानकारी है.

सबसे खास बात यह है कि इनमें प्रवेश पूरी तरह ऑनलाइन है और किसी भी तरह की फीस नहीं देनी होगी. चाहे वह छात्र हो या नौकरीपेशा, आसानी से अपने घर से इन कोर्सों को कर सकता है. इच्छुक उम्मीदवार SWAYAM पोर्टल (swayam.gov.in) पर जाकर इन कोर्सों के लिए रजिस्ट्रेशन कर सकते हैं.