Lionel Messi India Tour: फुटबॉल प्रेमियों के लिए एक बड़ी खबर सामने आई है. दुनिया के महानतम फुटबॉल खिलाड़ियों में से एक अर्जेंटीना के लियोनल मेसी भारत दौरे पर आने वाले हैं. उनकी टीम नवंबर 2025 में भारत का दौरा करने वाली है. अर्जेंटीना फुटबॉल एसोसिएशन ने शनिवार (23 अगस्त) को इस बात की पुष्टि की है. मेस का बहुप्रतीक्षित मैच 10 से 18 नवंबर के बीच केरल में खेला जाएगा.
सालों का इंतजार हुआ खत्म
अर्जेंटीना की टीम के भारत आने की खबरें काफी समय से चल रही थीं. यह सिलसिला तब शुरू हुआ था जब केरल सरकार ने 2026 फीफा विश्व कप से पहले भारत में एक दोस्ताना मैच खेलने के लिए अर्जेंटीना की टीम को लाने के प्रयासों की घोषणा की थी. पहले कोई निश्चित तारीख नहीं बताई गई थी, लेकिन अब अर्जेंटीना फुटबॉल एसोसिएशन की पुष्टि से सभी अटकलों पर विराम लग गया है.
ये भी पढ़ें: भारत-पाकिस्तान के बाद अब इन 2 टीमों ने किया स्क्वॉड का ऐलान, एशिया कप में ‘अंडरडॉग’ बन करेंगे उलटफेर?
2011 के बाद भारत आएंगे मेसी
लगभग डेढ़ दशक बाद यह दूसरा मौका होगा जब अर्जेंटीना की टीम भारतीय धरती पर खेलेगीय इससे पहले 2011 में लियोनल मेसी की अगुवाई में अर्जेंटीना ने कोलकाता के सॉल्ट लेक स्टेडियम में वेनेजुएला के खिलाफ एक मैच खेला था. उस मैच में मेसी ने अपने शानदार खेल से 70,000 से अधिक दर्शकों का मन मोह लिया था. उन्होंने निकोलस ओटामेंडी को एक असिस्ट भी दिया था.
अमेरिका और अंगोला में भी खेलेंगे मेसी
अर्जेंटीना फुटबॉल एसोसिएशन ने अपनी आधिकारिक घोषणा में कहा, “लियोनल स्कालोनी के नेतृत्व में अर्जेंटीना की राष्ट्रीय टीम 2025 में दो फीफा दोस्ताना मैच खेलेगी. पहला मैच अक्टूबर में 6 से 14 तारीख के बीच संयुक्त राज्य अमेरिका में होगा (प्रतिद्वंद्वी और शहर अभी तय नहीं हैं). दूसरा मैच नवंबर में 10 से 18 तारीख के बीच अंगोला के लुआंडा और भारत के केरल में खेला जाएगा (प्रतिद्वंद्वी अभी तय नहीं हैं).” इस घोषणा से उन सभी अटकलों पर विराम लग गया है, जिनमें कहा जा रहा था कि मेसी शायद केरल न आएं. अब यह साफ हो गया है कि अर्जेंटीना की टीम केरल में एक मैच खेलेगी, हालांकि उनके प्रतिद्वंद्वी टीम की घोषणा अभी बाकी है.
ये भी पढ़ें: हार्टब्रेक! 99 पर आउट होने वाले भारत के 2 महान कप्तान, एक ही टीम के खिलाफ शतक से चूके
मेसी के शानदार प्रदर्शन का सिलसिला जारी
लियोनल मेसी का 2025 का साल भी शानदार रहा है. वह मेजर लीग सॉकर में इंटर मियामी के लिए खेलते हैं. मेसी हाल ही में इंटर मियामी के लिए सबसे ज्यादा गोल करने वाले और असिस्ट देने वाले खिलाड़ी बने हैं. इस उपलब्धि के साथ उन्होंने फुटबॉल इतिहास में एक अनूठा रिकॉर्ड बनाया है, जहां वह तीन अलग-अलग टीमों के लिए सबसे ज्यादा गोल और असिस्ट देने वाले पहले खिलाड़ी बन गए हैं.