एशिया कप के लिए टीम इंडिया का ऐलान हो चुका है. सूर्यकुमार यादव 9 सितंबर से शुरू होने वाले इस टूर्नामेंट में भारत की कमान संभालते दिखेंगे, जबकि शुभमन गिल ने टी20 टीम में बतौर उपकप्तान वापसी की है. एशिया कप की इस टीम में कई डिजर्विंग खिलाड़ियों को जगह नहीं मिली, जिसने हर किसी को चौंकाया. खासकर लगातार शानदार प्रदर्शन कर रहे श्रेयर अय्यर, जिन्हें एशिया कप के लिए टीम में जगह न मिलने पर कई पूर्व क्रिकेटर्स ने भी सवाल खड़े किए. अब एक पूर्व भारतीय ओपनर ने एशिया कप के लिए टीम में जगह न बना वाले खिलाड़ियों की एक अपनी प्लेइंग-11 चुनी है, जिसमें अय्यर को कप्तान बनाया है.
अय्यर कप्तान, इन खिलाड़ियों को बनाया ओपनर
भारतीय टीम के एशिया कप के लिए चुने जाने के कुछ दिनों बाद पूर्व क्रिकेटर आकाश चोपड़ा ने उन खिलाड़ियों की एक प्लेइंग XI चुनी है, जिन्हें टीम में जगह नहीं मिली है. उन्होंने इस टीम का कप्तान श्रेयस अय्यर को बनाया है. श्रेयस 2023 से टी20 टीम से बाहर हैं और वापसी के दावेदार थे, लेकिन उन्हें मौका नहीं मिला. आकाश चोपड़ा की इस टीम में सलामी बल्लेबाज के तौर पर ऋतुराज गायकवाड़ और यशस्वी जायसवाल को चुना गया है. यशस्वी को मौजूदा टीम में कई ओपनर होने की वजह से बाहर रखा गया है. उनकी जगह अभिषेक शर्मा को मौका मिला है, जो गेंदबाजी भी कर सकते हैं.
जायसवाल-अय्यर को लेकर अगरकर ने ये कहा था
मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर ने कहा था, ‘यशस्वी जायसवाल के लिए यह दुर्भाग्यपूर्ण है. अभिषेक ने अच्छा प्रदर्शन किया है और वह एक गेंदबाजी विकल्प भी देते हैं, इसलिए दोनों में से किसी एक को बाहर बैठना था. श्रेयस अय्यर की बात करें तो उनकी कोई गलती नहीं है. उन्हें अपने मौके का इंतजार करना होगा.’
ये भी पढ़ें: ‘किसे पता बंद दरवाजों के पीछे क्या…’, अय्यर की अनदेखी पर डिविलियर्स का ऐसा बयान, तारीफों के भी बांधे पुल
केएल राहुल को भी जगह
ऋतुराज गायकवाड़, जो पहले भारत के टी20I कप्तान रह चुके हैं, उन्होंने 23 टी20 और 6 वनडे खेले हैं. फिलहाल वह भारतीय टीम का हिस्सा नहीं हैं. इस टीम में तीसरे नंबर पर केएल राहुल को रखा गया है. वह 2022 टी20 वर्ल्ड कप के बाद से टीम से बाहर हैं. चोपड़ा की इस टीम में ऋषभ पंत और नीतीश कुमार रेड्डी भी शामिल हैं. पंत पैर में फ्रैक्चर के कारण बाहर हैं, जबकि नीतीश घुटने की चोट के कारण इंग्लैंड दौरे से वापस लौट आए थे. इस टीम में क्रुणाल पांड्या और वॉशिंगटन सुंदर दो स्पिन-गेंदबाजी ऑलराउंडर हैं, जबकि रवि बिश्नोई मुख्य स्पिनर हैं. तेज गेंदबाजों के तौर पर प्रसिद्ध कृष्णा और मोहम्मद सिराज को चुना गया है.
आकाश चोपड़ा की नहीं चुने गए खिलाड़ियों की प्लेइंग XI
श्रेयस अय्यर (कप्तान), यशस्वी जायसवाल, ऋतुराज गायकवाड़, केएल राहुल, ऋषभ पंत, नीतीश कुमार रेड्डी, क्रुणाल पांड्या, वॉशिंगटन सुंदर, प्रसिद्ध कृष्णा, मोहम्मद सिराज, रवि बिश्नोई.