देश का पहला कंजर्वेशन जो दो टाइगर रिजर्व को जोड़ेगा
.
प्रदेश का पहला कंजर्वेशन रिजर्व अब बैतूल जिले में बन गया है। इसका नाम ताप्ती कंजर्वेशन रिजर्व रखा गया है। मुख्यमंत्री मोहन यादव की अध्यक्षता वाले स्टेट वाइल्ड लाइफ बोर्ड ने तीन महीने पहले इसका फैसला किया था। अब राज्य सरकार ने इसका नोटिफिकेशन जारी कर दिया है।
यह रिजर्व बैतूल, भीमपुर और भैंसदेही तहसीलों के जंगलों में फैला है। कुल क्षेत्रफल 250 वर्ग किलोमीटर है। इसमें 224.844 वर्ग किमी रिजर्व फॉरेस्ट और 25.156 वर्ग किमी प्रोटेक्टेड फॉरेस्ट शामिल हैं। यह रिजर्व सतपुड़ा टाइगर रिजर्व (मप्र) व मेलघाट टाइगर रिजर्व (महाराष्ट्र) को जोड़ने वाले वन्यजीव कॉरिडोर की सुरक्षा करेगा। ताप्ती, चिचोली और तावड़ी फॉरेस्ट रेंज मिलाकर इसे गठित किया गया है। यह देश का पहला कंजर्वेशन रिजर्व है जो दो टाइगर रिजर्व को जोड़ता है।
सुझाव प्रदेश भाजपाध्यक्ष व स्टेट वाइल्ड लाइफ बोर्ड सदस्य हेमंत खंडेलवाल ने 13 मार्च को बोर्ड की 28वीं बैठक में दिया था। प्रस्ताव को 21 मई की बैठक में मंजूरी मिली थी। प्रदेश में जल्द दो नए कंजर्वेशन रिजर्व बनेंगे। पहला बालाघाट का सोनेवानी, जो 163.20 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में कान्हा और पेंच टाइगर रिजर्व को जोड़ने वाला कॉरिडोर होगा। दूसरा गुना का राघौगढ़, जो 115 हेक्टेयर क्षेत्रफल का होगा।
- तमिलनाडु में देश का पहला कंजर्वेशन रिजर्व : तमिलनाडु का तिरुविदैमरुदुर भारत का पहला कंजर्वेशन रिजर्व है, जो 2005 को घोषित किया गया था। यह तिरुविदैमरुदुर गांव के प्राचीन शिव मंदिर परिसर में 7 एकड़ जमीन पर मौजूद है।
- जम्मू कश्मीर में सर्वाधिक कंजर्वेशन रिजर्व : भारत में वर्तमान में कुल 115 कंजर्वेशन रिजर्व हैं, इनमें सर्वाधिक 33 जम्मू-कश्मीर में, 21 राजस्थान में, 17 कर्नाटक और 15 महाराष्ट्र में हैं। इनका कुल क्षेत्रफल 5548.75 वर्ग किमी है।
इससे क्या फायदा ?
- यहां वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 के तहत सेंचुरी जैसी सुरक्षा मिलेगी। स्थानीय लोगों के वनोपज संग्रह के अधिकार यथावत रहेंगे।
- आदिवासी पहले की तरह महुआ, तेंदूपत्ता, चिरौंजी, गोंद, सूखी लकड़ी जुटा सकेंगे। होम स्टे और वाइल्ड लाइफ सफारी की अनुमति मिलेगी।
- ताप्ती टाइगर व लेपर्ड के मूवमेंट का सबसे अहम कॉरिडोर है। यहां ब्लैक बक, चीतल और जंगली उल्लू देखे जा सकते हैं।
…और यह है अंतर
- नेशनल पार्क : यहां वन्यजीव व प्रकृति की पूर्ण सुरक्षा होती है। लकड़ी काटना व अन्य मानवीय गतिविधियां प्रतिबंधित रहती हैं।
- वाइल्डलाइफ सेंचुरी: संरक्षण तो होता है, पर कुछ सीमित मानवीय गतिविधियां जैसे चराई या स्थानीय उपयोग नियंत्रित तरीके से चल सकते हैं।
- कंजर्वेशन रिजर्व : यह बफर जोन जैसा होता है, जहां स्थानीय समुदाय की सहभागिता से संरक्षण और आजीविका दोनों को महत्व दिया जाता है।