August 25, 2025 08:49 IST
Cheteshwar Pujara Retirement Live: चेतेश्वर पुजारा सम्मानजनक विदाई के हकदार थे… संन्यास के ऐलान पर छलका शशि थरूर का दर्द
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शशि थरूर ने टीम इंडिया के दिग्गज बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा के संन्यास के ऐलान पर अफसोस जताया है. थरूर का कहना है कि पुजारा को भारतीय क्रिकेट से एक गरिमामय विदाई मिलनी चाहिए थी. थरूर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा, ‘चेतेश्वर पुजारा के संन्यास से मन में पीड़ा है. भले ही हालिया समय में उन्हें टीम से बाहर रखा गया हो और उन्हें कुछ साबित करने की जरूरत न हो, लेकिन वे टीम इंडिया के लिए शानदार टेस्ट करियर के हकदार थे और उन्हें थोड़ा और समय तथा सम्मानजनक विदाई मिलनी चाहिए थी.’
चेतेश्वर पुजारा ने अपने करियर में 103 टेस्ट मैच खेले और 7000 से अधिक रन बनाए. उनकी गिनती उन बल्लेबाज़ों में होती है जिन्होंने मुश्किल हालात में टीम को संभाला और ऑस्ट्रेलिया सहित कई ऐतिहासिक विदेशी जीतों में अहम भूमिका निभाई.
पुजारा ने रविवार को सभी तरह के भारतीय क्रिकेट से संन्यास लेने का ऐलान कर दिया. 36 वर्षीय बल्लेबाज ने आखिरी बार भारत के लिए 2023 वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेला था. उस मैच में हार के बाद उन्हें टीम से बाहर कर दिया गया और टीम मैनेजमेंट ने युवा खिलाड़ियों को मौका देने का फैसला किया. क्रिकेट प्रेमियों और कई विशेषज्ञों का भी मानना है कि पुजारा को उनके योगदान के अनुरूप विदाई दी जानी चाहिए थी.
August 25, 2025 08:22 IST
Cheteshwar Pujara Retirement Live: चेतेश्वर पुजारा ने क्यों लिया क्रिकेट से सन्यांस, टेस्ट के धुरंधर ने बताई वजह
भारतीय बल्लेबाज चेतेश्वर पुजारा ने रविवार को क्रिकेट के सभी फॉर्मैट से संन्यास का ऐलान कर दिया. चेतेश्वर पुजारा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, ‘भारतीय टीम के लिए खेलना गर्व की बात है. मैंने सौराष्ट्र की ओर से डोमेस्टिक क्रिकेट का सफर शुरू किया. जब आप इतने लंबे वक्त तक भारतीय टीम के लिए खेलते हैं, तो काफी यादें जुड़ी होती हैं. इस सफर में परिवार, कोच, साथी खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ का साथ रहा है. मैं सभी को धन्यवाद देना चाहूंगा.’
दाएं हाथ के बल्लेबाज ने कहा, ‘संन्यास को लेकर पिछले एक हफ्ते से विचार कर रहा था. मुझे लगा कि अब यह सही समय है, ताकि युवा खिलाड़ियों को, खासकर डोमेस्टिक क्रिकेट में मौका मिल सके.’
पुजारा ने बताया कि संन्यास के बाद भी वह क्रिकेट से जुड़े रहेंगे. उन्होंने कहा, ‘जब आप इतना बड़ा फैसला लेते हैं, तो परिवार और दिग्गज खिलाड़ियों से बात करने के बाद ही निर्णय लेते हैं. मैं भले ही क्रिकेट नहीं खेलूंगा, लेकिन क्रिकेट से जुड़ा रहूंगा. मेरी आज भी युवा खिलाड़ियों से बातचीत होती रहती है. क्रिकेट के लिए आगे भी योगदान देता रहूंगा.’