इंदौर में कॉलेज स्टूडेंट घर से लापता: परिवार की डांट से थी नाराज; पुलिस को सीसीटीवी में जाते दिखी – Indore News

इंदौर में कॉलेज स्टूडेंट घर से लापता:  परिवार की डांट से थी नाराज; पुलिस को सीसीटीवी में जाते दिखी – Indore News



इंदौर के एमआईजी थाना क्षेत्र में रहने वाली एक कॉलेज छात्रा श्रृद्धा तिवारी शनिवार दोपहर (23 अगस्त) को घर से लापता हो गई। छात्रा अपने मोबाइल फोन को घर पर छोड़कर चली गई थी। परिजनों ने एमआईजी थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई है।

.

शुरुआती जांच में सामने आया है कि परिजनों द्वारा डांट-फटकार लगाए जाने से वह नाराज थी। इसी नाराजगी में वह घर छोड़कर निकल गई। पुलिस को कुछ सीसीटीवी फुटेज मिले हैं, जिनमें वह लोटस कॉलोनी और एमआर 10 क्षेत्र की ओर जाती दिखाई दे रही है।

सार्थक नाम के युवक पर शक

परिजनों ने शक जाहिर किया है कि छात्रा एक इंजीनियर युवक सार्थक के संपर्क में थी और शायद वह उसे अपने साथ ले गया हो। इस आधार पर पुलिस ने सार्थक को पूछताछ के लिए थाने बुलाया। पूछताछ में सार्थक ने बताया कि पिछले 15 दिनों से दोनों की कोई बातचीत नहीं हुई थी, क्योंकि परिवार की नाराजगी के चलते श्रृद्धा डर गई थी।

पुलिस ने मोबाइल डिटेल भी खंगाली, लेकिन कोई खास जानकारी नहीं मिली।

सहेली ने बताया पुराना विवाद

पुलिस ने छात्रा की एक सहेली से पूछताछ की तो पता चला कि कुछ दिन पहले श्रृद्धा ने आत्महत्या का प्रयास किया था। इसके बाद परिजनों ने उसके साथ मारपीट की थी, जिससे वह आहत थी और घर छोड़कर चली गई।

पुलिस कर रही तलाश

छात्रा के लापता होने के बाद सोशल मीडिया पर गलत सूचनाएं फैलाई जा रही हैं। कुछ पोस्ट में कहा गया कि वह अर्चना तिवारी की तरह रहस्यमय तरीके से लापता हो गई है। पुलिस ने इसे गलत और भ्रामक बताया है।

जांच अधिकारी का कहना है कि फिलहाल मामला पारिवारिक विवाद का लग रहा है। छात्रा के सीसीटीवी फुटेज सामने आए है।



Source link