जबलपुर के शहपुरा थाने परिसर स्थित दुर्गा मंदिर में अज्ञात चोर सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी कर फरार हो गया। रविवार को हुई इस वारदात का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश है, जबकि पुलिस का कहना है कि आरोपी की तलाश की जा र
.
जानकारी के मुताबिक, रविवार की शाम को जब रोज की तरह मंदिर के पुजारी पूजा-आरती करने के लिए पहुंचे, तो देखा कि मंदिर का ताला टूटा हुआ है और मां दुर्गा के कीमती जेवरात सहित, हजारों रुपए कैश भी नहीं है।
पुजारी ने तुरंत शहपुरा थाना पुलिस को सूचना दी। जिसके बाद पुलिस ने अज्ञात चोर के खिलाफ मामला दर्ज कर तालाश शुरू कर दी। पुलिस ने थाने में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले तो उसमें एक युवक थैला लिए मंदिर की ओर जाते दिखाई दिया। सफेद शर्ट और नीली पैंट पहने अज्ञात चोर बड़ी दिलेरी से मंदिर में घुसा, चोरी की और फिर फरार हो गया।
मंदिर में जाते हुए सीसीटीवी में कैद हुई चोर की तस्वीर।
ग्रामीण बोले- 24 घंटे पुलिस मौजूद, फिर भी चोरी हो गई
थाने में लगे सीसीटीवी फुटेज में चोर तो दिखाई दे रहा है, लेकिन उसकी तस्वीर स्पष्ट नजर नहीं आ रही है। दिनदहाड़े थाने परिसर के मंदिर में हुई चोरी से पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि जिस थाने में 24 घंटे पुलिस मौजूद रहती है, वहीं से चोर द्वारा चोरी करना पुलिस के लिए बड़ी चुनौती है। यह भी दर्शाता है कि शहपुरा क्षेत्र में चोर बेखौफ हैं।
वहीं पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही चोर को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

चोरी के बाद से स्थानीय लोगों ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठा रहे हैं।