धार में स्कूल बस से टकराई तेज रफ्तार बाइक: दो युवक घायल, बच्चों को घर छोड़ने जा रही थी; बाल-बाल बचे स्टुडेंट्स – Dhar News

धार में स्कूल बस से टकराई तेज रफ्तार बाइक:  दो युवक घायल, बच्चों को घर छोड़ने जा रही थी; बाल-बाल बचे स्टुडेंट्स – Dhar News


धार के दशहरा मैदान जेल रोड पर मंगलवार दोपहर करीब 3 बजे एक तेज रफ्तार बाइक निजी स्कूल बस से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक बस के अगले हिस्से में फंस गई और बस का अगला शीशा चकनाचूर हो गया। हादसे में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।

.

बाइक सवार घायल, बच्चों को नहीं आई चोट

घायलों की पहचान रोहित और कारण, दोनों निवासी दशहरा मैदान, के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि दोनों युवक तेज रफ्तार में बाइक चला रहे थे और स्कूल बस में सीधी टक्कर मार दी। राहगीरों ने दोनों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

गनीमत रही कि बस में सवार किसी भी बच्चे को चोट नहीं आई। बस उस समय बच्चों को घर छोड़ने जा रही थी। बस चालक ने समय रहते वाहन को नियंत्रित कर लिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

प्राचार्य बोले- शराब के नशे में थे बाइक सवार

स्कूल के प्राचार्य संजय शर्मा ने बताया कि हादसे के समय स्कूल की छुट्टी हो चुकी थी और बस बच्चों को घर छोड़ने जा रही थी। उन्होंने दावा किया कि बाइक सवार युवक शराब के नशे में थे और तेज रफ्तार से वाहन चला रहे थे, जिससे यह दुर्घटना हुई।

अफरा-तफरी का माहौल, पुलिस कर रही जांच

हादसे के बाद आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही कोतवाली थाना प्रभारी समीर पाटीदार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों वाहन जब्त कर लिए हैं और मामले की जांच शुरू कर दी है। ड्यूटी डाक्टरों ने बताया कि दोनों घायलों की हालत गंभीर है। उन्हें प्राथमिक उपचार देने के बाद भर्ती किया गया है।



Source link