निगम की टीम ने मकान में दबे मृतक को बाहर निकाला
चार शहर का नाका स्थित रंगियाना मोहल्ला में सोमवार को एक जर्जर मकान गिर पड़ा। उसमें दबने से एक मजदूर गणेश प्रजापति की मौत हो गई। वहीं किराए से रहने आई युवती रोशनी शर्मा और रमेश आदिवासी घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है।
.
घटना जिस मकान में घटित हुई है, वह मकान रामू शिवहरे का दो मंजिला जर्जर अवस्था में था। नगर निगम ने इसे उतारने (गिराने) के लिए नोटिस भी दिया था। तीन दिन पहले गली में बने मकान को उतारने का काम शुरू हुआ था। पहली मंजिल का मलबा उतारकर छत पर रखा हुआ था। मौके पर पहुंची कलेक्टर रुचिका चौहान को निगम के अधिकारियों ने बताया कि छत पर मलबे का लोड ज्यादा होने से संभवत घटना घटित हुई है।
थाना प्रभारी ग्वालियर थाना मिर्जा आरिफ बेग ने बताया कि रंगियाना मोहल्ला में घटित घटना में गणेश प्रजापति की मौत हुई है। जबकि रमेश आर्य और रोशनी आर्य (पिता-बेटी) घायल हुए है। घटना की सूचना पर तत्काल मौके पर निगम के अपर आयुक्त प्रदीप तोमर, भवन अधिकारी बीके त्यागी, जेडओ अमित साहू, मदाखलत अधिकारी केशव सिंह चौहान भी मौके पर पहुंचे और गिरे हुए भवन में एक व्यक्ति के होने की सूचना पर रेस्क्यू ऑपरेशन किया।
रामअवतार वैश्य, रामू प्रजापति भाजपा मंडल उपाध्यक्ष ने मृतक व घायलों के परिजनों को ऊर्जा मंत्री से बात कराई। सुरक्षा की दृष्टि से भीड़ को हटाने के लिए पुलिस बल ने रास्ते को बंद किया। तब कहीं बारिश के दौरान सुरक्षात्मक तरीके से मकान को उतारने का काम किया गया।
इनसाइट स्टोरी
वार्ड-9 में 10 मकान जर्जर हालात में
वार्ड-9 में रामू शिवहरे का जर्जर मकान को नोटिस दिया गया था। इसी तरह इस पूरे वार्ड में कुल 10 मकान जर्जर है। जिन्हें निगम ने नोटिस दिए है। उक्त घटना के बाद वर्तमान में नौ मकान खतरनाक अवस्था में खड़े हुए हैं। वहीं शहर के अंदर सर्वे के दौरान 250 के लगभग जर्जर मकानों की सूची 66 वार्डों से निकलकर सामने आई थी। इनमें 70 के करीब मकान मालिकों ने सुरक्षित तरीके से मकान को उतार लिया है। शेष पर कार्रवाई नहीं हो पाई है।
मानसून में गिरे मकान: अभी तक छह ने दम तोड़ा
- 13 जून: बहोड़ापुर थाना क्षेत्र के शंकरपुर में मकान की दीवार ढह गई थी। हादसे में तीन लोगों की मौत हुई थी।
- 30 जुलाई : जनकगंज थाना क्षेत्र की गेंड़ेवाली सड़क पर बने पुराने मकान का छज्जा गिर गया था। हादसे में दो लोगों की मौत हुई थी।
- 5 अगस्त: हुजरात क्षेत्र में पार्षद संजय सिंघल का पुराना मकान भरभराकर गिर गया था। इसमें कोई जनहानि नहीं हुई।
- 25 अगस्त: रंगियाना मोहल्ला में पुराना मकान गिरने से मजदूर की मौत और पिता-बेटी घायल हुए थे।
मंत्री ने घायलों के परिजनों से बात की, कलेक्टर पहुंची मौके पर
- कलेक्टर रुचिका चौहान मौके पर पहुंची। यहां पर घायलों के बच्चों से बात की। प्रभावित परिवाह को राजस्व पुस्तक परिपत्र के प्रावधानों के तहत आर्थिक सहायता स्वीकृत करने के निर्देश दिए।
- ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने अस्पताल में पहुंचे घायलों के परिवार से वाट्स अप कॉल के माध्यम से बात की। उन्होंने मृतक के परिजनों को भी हर संभव आर्थिक मदद करने का आश्वासन दिया
कलेक्टर मैम! हम कहां पर रहेंगे
पहुंची कलेक्टर रुचिका चौहान ने मौके पर घायल रोशनी की छोटी बहन से बात की। उसने कलेक्टर से पूछा मैम हम अभी किराए से रहने आए थे। अब तो मकान भी गिर गया है। मैं रात में कहां पर रहूंगी। कलेक्टर ने तत्काल महिला बाल विकास अधिकारियों से नाबालिग बेटी को एक बच्चे को रहने खाने की व्यवस्था करने के निर्देश दिए है।
तीन दिन पहले शुरू हुआ था काम
मकान मालिक रामू शिवहरे को निगम ने नोटिस दिया था। उसके बाद तीन दिन पहले ही मकान को उतारने का काम शुरू किया। दो मंजिला इमारत की पहली मंजिल का अधिकांश हिस्सा मजदूरों ने उतार दिया था। गणेश प्रजापति ऊपर की तरफ था। तभी मलबे के वजन से मकान का शेष हिस्सा भरभराकर गिर पड़ा।