बुधवार को गणेश चतुर्थी के साथ 10 दिवसीय गणेशोत्सव की शुरुआत हो रही है। शहर के गली-मोहल्लों, चौराहों से लेकर घर-घर तक गणपति बप्पा की स्थापना की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। सुख, समृद्धि और मंगलकामना के साथ भगवान गणेश को विराजित किया जाएगा। शहर भर में ब
.
ऊंकाला खड़े गणेश मंदिर में विशेष श्रृंगार
रतलाम के प्राचीन ऊंकाला खड़े गणेश मंदिर में गणेश चतुर्थी पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ेगी। यहां स्थापित सवा 11 फीट ऊंची खड़ी प्रतिमा पर चांदी के वर्क से विशेष श्रृंगार (चोला) चढ़ाया गया है। हर तीन दिन में चोला बदला जाएगा और प्रतिदिन अलग-अलग श्रृंगार किया जाएगा।
बुधवार दोपहर 12 बजे गणेश जन्मोत्सव की आरती की जाएगी और सवा क्विंटल लड्डुओं का भोग लगाया जाएगा। मंदिर ट्रस्ट अध्यक्ष घनश्याम कसारा के अनुसार, इस मंदिर की मान्यता है कि यहां जो भी मनोकामना की जाती है, वह पूरी होती है। मंदिर परिसर में श्रीराम दरबार, भोलेनाथ और हनुमानजी की भी प्रतिमाएं विराजमान हैं।
ऊंकाला खड़े गणेश जी।
पैलेस रोड पर श्री नित्य चिंताहरण गणपति मंदिर में विशेष आयोजन
पैलेस रोड स्थित श्री नित्य चिंताहरण गणपति मंदिर में भी गणेशोत्सव को परंपरागत रूप से मनाने की तैयारियां की गई हैं। यहां भगवान गणेश को स्वर्ण वर्क से चोला चढ़ाया जाएगा। दोपहर 12 बजे आरती के साथ 11 हजार लड्डुओं की प्रसादी वितरित की जाएगी।
मंदिर में 13 फीट ऊंची प्रतिमा की स्थापना की जाएगी, जिसे उज्जैन से विशेष रूप से तैयार कराया गया है। प्रतिदिन रात 8 बजे आरती और प्रसाद वितरण का कार्यक्रम रहेगा।
शुभ संयोग में हो रही गणेश स्थापना
इस बार गणेश चतुर्थी पर भाद्रपद मास की शुक्ल चतुर्थी, चित्रा नक्षत्र और बुधवार का विशेष संयोग बना है। मान्यता है कि इसी संयोग में माता पार्वती ने गणेशजी की मिट्टी की प्रतिमा बनाई थी और भगवान शिव ने उसमें प्राण प्रतिष्ठा की थी। यह योग शुभ माना जाता है, इसलिए शहर भर में श्रद्धालु गणपति को घर-घर विराजमान कर रहे हैं।

शहर में बाजारों में गणेशोत्सव की रौनक
गणेश चतुर्थी को लेकर शहर के बाजारों में उत्सव जैसा माहौल है। जगह-जगह गणेश प्रतिमाओं की दुकानें सजी हैं। छोटी से लेकर बड़ी और भव्य प्रतिमाएं श्रद्धालुओं को आकर्षित कर रही हैं। अधिकांश प्रतिमाएं पहले ही बुक हो चुकी थीं।
मंगलवार रात से ही चल समारोह शुरू हो गए थे। कई जगहों पर बैंड-बाजों और ढोल-धमाकों के साथ भगवान गणेश को पंडालों में विराजित किया गया।

गणेश स्थापना के शुभ मुहूर्त।
गणेश स्थापना का शुभ मुहूर्त
इस वर्ष गणेश चतुर्थी की पूजा का मुख्य मुहूर्त बुधवार दोपहर 11:10 से 1:36 तक रहेगा। इसी अवधि में अधिकतर श्रद्धालु घरों और पंडालों में गणेश प्रतिमाओं की स्थापना करेंगे। रतलाम में अगले 10 दिन तक गणेशोत्सव की धूम देखने को मिलेगी, जिसमें भक्ति, उत्साह और सांस्कृतिक आयोजनों की भरमार रहेगी।