कटनी के रंगनाथ थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात एक युवक की हत्या कर दी गई। पाठक वार्ड निवासी 24 वर्षीय आदित्य मिश्रा गणेश चतुर्थी की तैयारी कर रहे थे। भीमराव चौक स्थित पानी टंकी के पास रात करीब 3 बजे यह घटना हुई।
.
आदित्य अपने साथियों के साथ मोहल्ले में पांडाल में गणेश जी की प्रतिमा लेकर आए थे। वह स्थापना की तैयारी में जुटे थे। इसी दौरान नितिन बर्मन, विशेष वंशकार और विवेक वंशकार वहां पहुंचे। उन्होंने बिना किसी कारण गाली-गलौज शुरू कर दी। फिर अचानक चाकू से आदित्य पर हमला कर दिया।
आरोपियों ने आदित्य को कई बार चाकू से वार किया और मौके से फरार हो गए। घायल आदित्य को जिला अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
आदित्य के परिवार का कहना है कि उनकी किसी से कोई पुरानी दुश्मनी नहीं थी। वह तीन दिन पहले ही मुंबई से लौटा था। रंगनाथ थाना प्रभारी नवीन नामदेव के अनुसार यह तात्कालिक विवाद का मामला लग रहा है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। तीनों फरार आरोपियों की तलाश जारी है।