मऊगंज में जेल से निकले युवक को बोलेरो ने कुचला: हत्या के मामले में दो साल बाद मिली थी जमानत, परिजन बोले- साजिश के तहत हुई हत्या – Mauganj News

मऊगंज में जेल से निकले युवक को बोलेरो ने कुचला:  हत्या के मामले में दो साल बाद मिली थी जमानत, परिजन बोले- साजिश के तहत हुई हत्या – Mauganj News


हत्या के केस में जमानत पर छूटे युवक की बोलेरो से कुचलकर मौत

मऊगंज में मंगलवार को हत्या के मामले में दो साल जेल में रहने के बाद हाल ही में जमानत पर बाहर आए अनीश साकेत की संदिग्ध परिस्थिति में सड़क हादसे में मौत हो गई। परिजनों ने इसे सोची-समझी साजिश बताते हुए हत्या का आरोप लगाया है।

.

जानकारी के अनुसार, अनीश का दोस्त छोटू प्रजापति उसे घूमने के लिए ले गया। दोनों ने शराब पी और शाम को बाइक से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान ग्राम रतनगवा से ढेरा तक एक अज्ञात बोलेरो गाड़ी उनका पीछा करती रही।

जब दोनों पथरहा गांव के पास पहुंचे, तो अनीश राजश्री गुटखा लेने के लिए सड़क किनारे रुक गया। तभी पीछे से आ रही बोलेरो ने तेज रफ्तार से अनीश को कुचल दिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बोलेरो अनियंत्रित होकर पास के एक घर की दीवार से टकरा गई। हादसे में अनीश की मौके पर ही मौत हो गई।

दो साल से जेल में था अनीश

अनीश साकेत दो साल पहले शाहपुर इंद्रजीत गांव में हुई एक बारात के दौरान डीजे बजाने को लेकर हुए विवाद में फंसा था। इस विवाद में दिनेश साकेत की मौत हुई थी, जिसके बाद अनीश और निलेश साकेत पर हत्या का मामला (धारा 302) दर्ज किया गया था। अनीश पिछले दो साल से जेल में था और हाल ही में जमानत पर रिहा होकर घर लौटा था।

परिजनों ने जताई साजिश की आशंका

अनीश की मौत के बाद उसके परिजनों ने गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि यह साधारण सड़क हादसा नहीं है, बल्कि दो साल पहले हुई हत्या के मामले से जुड़ी पुरानी रंजिश का नतीजा है। उनका आरोप है कि जिस दिनेश साकेत की मौत के बाद अनीश जेल गया था, उसके परिजनों ने यह वारदात रचाई है।

पुलिस की कार्रवाई और जांच

मऊगंज पुलिस ने बोलेरो वाहन को अपने कब्जे में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं से जांच की जा रही है कि यह हादसा है या पूर्वनियोजित हत्या।



Source link