हरदा में गणेश चतुर्थी का उत्सव धूमधाम से मनाया जा रहा है। शहर में 60 से अधिक पांडाल सजाए गए हैं। गजानन की विभिन्न रूपों वाली प्रतिमाएं झांकी स्थलों पर पहुंच गई हैं। युवा ढोल-ढमाकों और डीजे की धुन पर नृत्य करते हुए गणपति बप्पा मोरिया के जयकारे लगा रहे
.
भक्तों ने दस दिवसीय उत्सव के लिए जगह-जगह गणेश पांडाल सजाए हैं। श्रद्धालु घरों और पांडालों में छोटी-बड़ी मूर्तियां स्थापित कर रहे हैं।
राजमा चौक पर 53 वर्षों से सार्वजनिक गणेश प्रतिमा स्थापना की परंपरा चली आ रही है। राजमा गणेश उत्सव समिति के सुनील व्यास के अनुसार, यह परंपरा उनके पूर्वजों ने शुरू की थी। आज भी युवा और मोहल्ले के लोग इसे जारी रखे हुए हैं।
खेड़ीपुरा में विघ्नहर्ता गणेश उत्सव समिति पिछले नौ वर्षों से विशेष आयोजन कर रही है। समिति ने बुरहानपुर से 12 फीट ऊंची गणेश प्रतिमा मंगवाई है। समिति सदस्य श्री गुर्जर ने बताया कि यह शहर की सबसे ऊंची प्रतिमा है। कार्यक्रम में जबलपुर का प्रसिद्ध बैंड भी आमंत्रित किया गया है।
घंटाघर पर रंग-बिरंगी आतिशबाजी का आयोजन किया गया। नार्मदीय ब्राह्मण समाज धर्मशाला में भी गणेश प्रतिमा स्थापित की गई है, जहां दस दिनों तक सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे।

बप्पा के पंडालों को सजाया गया है।

छोटे बच्चे बप्पा को लेकर स्थापना करने पहुंचे।



