सिवनी जिले में हरितालिका तीज का त्योहार उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया गया। ढीमरी मोहल्ले में इस पर्व का विशेष आयोजन किया गया। व्रतधारी महिलाओं ने निर्जला व्रत रखकर मां पार्वती और भगवान शिव की पूजा-अर्चना की।
.
शहर के प्रसिद्ध मठ मंदिर और माता दिवाला में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। महिलाओं ने घरों को फूलों और रंगोली से सजाया। मोहल्ले में कई स्थानों पर सामूहिक रूप से तीज कथा का पाठ हुआ। मंदिर परिसर में रातभर भजन-कीर्तन चला।
मंदिर प्रबंधन ने भीड़ को देखते हुए सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए। जय माता दी और हर हर महादेव के जयकारों से पूरा क्षेत्र गुंजायमान रहा। मान्यता है कि इस दिन व्रत और पूजा करने से सौभाग्य और सुखी वैवाहिक जीवन का आशीर्वाद मिलता है।

जिले के धनोरा, घंसौर, केवलारी, बरघाट, छपारा, कुरई और लखनादौन में भी रातभर भजन-कीर्तन हुआ। इस अवसर पर झूले डालने और पारंपरिक लोकगीत गाने की परंपरा को भी महिलाओं ने जीवंत रखा। यह त्योहार नई पीढ़ी को संस्कृति और संस्कारों से जोड़ने का माध्यम बना हुआ है।
