पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित टीम ने आरोपियों को रंगे हाथ पकड़ा।
सिवनी जिले में धनोरा पुलिस ने रात के समय गोमांस तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने गुधना गांव से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से 72 किलो गोमांस और कुल्हाड़ी बरामद की गई है।
.
थाना प्रभारी की अगुआई में अभियान चलाया
धनोरा थाना प्रभारी मनीष कुमार बंसोड़ ने सुबह 10 बजे बताया कि अवैध मांस के कारोबार की सूचना मिलने पर कार्रवाई की गई। पुलिस अधीक्षक शिमला प्रसाद, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक मिश्रा और एसडीओपी घंसौर नम्रता सोंधिया के मार्गदर्शन में विशेष टीम का गठन किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में कविलाल (30), रूपलाल (34) और सवितलाल (24) शामिल हैं। तीनों गुधना गांव के रहने वाले हैं। आरोपियों के खिलाफ मध्य प्रदेश गोवंश वध प्रतिषेध अधिनियम की धारा 4, 5, 9 और धारा 325, 3(5) BNS के तहत मामला दर्ज किया गया है।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी मनीष बंसोड़, सहायक उपनिरीक्षक मानसिंह मरावी, आरक्षक रुपसिंह मरावी, सैनिक समन सिंह उइके, आरक्षक मानसिंह मरावी, देवेश चौधरी, संजय भलावी और भास्कर सरवैया की टीम शामिल रही।