Bhuvneshwar Kumar vs Rituraj Sharma: भुवनेश्वर कुमार भारतीय क्रिकेट में सबसे किफायती गेंदबाजों में एक माने जाते हैं. वह रन देने में कंजूस हैं और अपनी स्विंग से बल्लेबाजों को परेशान करते हैं. यूपी टी20 लीग में लखनऊ फाल्कन्स और मेरठ मेवरिक्स के बीच खेले गए मुकाबले में इस दिग्गज तेज गेंदबाज की जमकर कुटाई हो गई. इस पर क्रिकेट फैंस को भरोसा नहीं हुआ. भुवनेश्वर के लिए यह एक मुश्किल दिन साबित हुआ. मैच के 19वें ओवर में उन्होंने अपने अनुभव के अनुरूप गेंदबाजी करने के बजाय जमकर रन लुटाए, जिसका फायदा मेरठ ने उठाया और एक विशाल स्कोर खड़ा किया.
भुवनेश्वर के लिए ‘खौफनाक’ साबित हुआ 19वां ओवर
शुरुआती तीन ओवर में शानदार गेंदबाजी करते हुए भुवनेश्वर ने सिर्फ 20 रन दिए थे और एक विकेट भी चटकाया था. 19वें ओवर में जब वह बॉलिंग करने आए तो उनसे कम रन देने की उम्मीद थी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ. वह पूरी तरह से लय से भटक गए. मेरठ के बल्लेबाज ऋतुराज शर्मा उस समय 46 रन पर खेल रहे . उन्होंने इस ओवर में भुवनेश्वर को एक के बाद एक चौके और छक्के जड़े.
ऐसा रहा भुवनेश्वर का ओवर
ऋतुराज ने पहली गेंद पर छक्का लगाया. इसके बाद भुवनेश्वर लाइन से भटक गए और वाइड फेंक दी. ऋतुराज ने यहां से फिर अगली चार गेंदों पर लगातार चार चौके मारे और आखिरी बॉल पर छक्का मारकर ओवर को समाप्त किया. भुवनेश्वर के इस ओवर में 29 रन बने. इसने मेरठ का स्कोर 20 ओवर में 233 रन तक पहुंचा दिया. इस एक ओवर ने मैच का रुख पूरी तरह से बदल दिया और लखनऊ फाल्कन्स की जीत की उम्मीदों को खत्म कर दिया.
ये भी पढ़ें: Cheteshwar Pujara: संन्यास के बाद भी आएंगे पैसे…चेतेश्वर पुजारा को मिलेगी पेंशन, कितने रुपये देगी BCCI?
भुवनेश्वर की फॉर्म पर उठे सवाल
इस मैच में 4 ओवर में 49 रन देकर 1 विकेट लेने के बाद भुवनेश्वर की फॉर्म पर सवाल उठने लगे हैं. इस सीन में उन्होंने अब तक 5 मैचों में सिर्फ 4 विकेट लिए हैं और उनका इकोनॉमी रेट 8.10 के करीब हैय. उनके इस प्रदर्शन ने IPL 2026 के रिटेंशन विंडो से पहले रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) की टीम में भी चिंता बढ़ा दी है, जिसके लिए उन्होंने इस साल महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी.
Rituraj Sharma vs Bhuvneshwar Kumar. A smashing over for Rituraj.
Watch live on SonyLIV and Sony Sports Network. #UPT20League #ANAXUPT20League #KhiladiYahanBantaHai #LFvsMM pic.twitter.com/zFsfE1vhez
— UP T20 League (@t20uttarpradesh) August 27, 2025
रिंकू का तूफानी अर्धशतक
मेरठ की जीत में ऋतुराज शर्मा के अलावा रिंकू सिंह और स्वस्तिक चिकारा का भी अहम योगदान रहा. ओपनर स्वस्तिक ने 31 गेंदों में 55 रन बनाए, जबकि रिंकू ने सिर्फ 27 गेंदों में 57 रन की तूफानी पारी खेली. आखिर में ऋतिक वत्स ने 8 गेंदों में 35 रन बनाकर टीम को 233 के स्कोर तक पहुंचाया. ऋतुराज शर्मा 74 रन बनाकर नाबाद रहे. उन्होंने 5 चौके और 5 छक्के लगाए.
ये भी पढ़ें: 6, 4, 4, 4, 4…मलिंगा का करियर बर्बाद करने वाला ओवर, भारतीय स्टार ने चकनाचूर कर दिया था घमंड
मेरठ की आसान जीत
233 रनों का विशाल लक्ष्य मेरठ के लिए पर्याप्त साबित हुआ और उन्होंने लखनऊ फाल्कन्स को 93 रनों से करारी शिकस्त दी. लखनऊ की ओर से समीर चौधरी ने 46 रनों की पारी खेली, लेकिन उन्हें दूसरे छोर से कोई खास समर्थन नहीं मिला. आखिरी में लखनऊ की पूरी टीम 140 रन बनाकर ही ढेर हो गई.