सतना में सेवा सहकारी समिति मर्यादित नागौद के खाद वितरण केंद्र पर एक पुलिस आरक्षक ने किसानों से दुर्व्यवहार किया। गुरुवार को खाद वितरण केंद्र पर लाइन में खड़े किसानों से आरक्षक संदीप पांडेय ने अभद्र भाषा का प्रयोग किया।
.
घटना का वीडियो शुक्रवार को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। वीडियो में नागौद थाने में पदस्थ आरक्षक संदीप पांडेय कतार व्यवस्थित कराने के दौरान किसानों के साथ अभद्र व्यवहार करते दिख रहे हैं।
मामले का संज्ञान लेते हुए एसपी आशुतोष गुप्ता ने तत्काल कार्रवाई की। उन्होंने आरक्षक संदीप पांडेय को पुलिस लाइन अटैच कर दिया। एसपी ने कहा कि वीडियो की सत्यता की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
वीडियो वायरल होने के बाद किसान यूनियन और कांग्रेस की ओर से तीखी प्रतिक्रियाएं आ रही हैं। उल्लेखनीय है कि नागौद ब्लॉक के सेवा सहकारी समिति में खाद लेने के लिए बड़ी संख्या में किसान लाइन में लगे थे। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया था।