4 अक्टूबर 2024 को जैन पहली बार सीएस बनकर मप्र पहुंचे थे, तब सीएम ने उनका स्वागत किया था। अब एक्सटेंशन की जानकारी भी उसी पुरानी फोटो को पोस्ट करके दी।
.
रिटायरमेंट से 3 दिन पहले पीएमओ से फोन आया, शाम 6 बजे एक्टेंशन की चिट्ठी गई… डेढ़ घंटे बाद ऐलान
रिटायरमेंट से तीन दिन पहले मुख्य सचिव और 1989 बैच के आईएएस अधिकारी अनुराग जैन को एक साल का एक्सटेंशन (सेवावृद्धि) मिल गया। वे प्रदेश के पहले मुख्य सचिव हैं जिन्हें सीधे एक साल की सेवावृद्धि मिली है। इससे पहले पूर्व मुख्य सचिवों को एक बार में 6-6 महीने का एक्सटेंशन ही मिलता रहा है। अब जैन का कार्यकाल अगस्त 2026 तक रहेगा।
जैन के एक्सटेंशन का फैसला दिल्ली के दखल के बाद हुआ। दरअसल, जैन का कार्यकाल 31 अगस्त तक था, लेकिन 30 व 31 अगस्त को अवकाश होने के कारण शुक्रवार को उनका आखिरी वर्किंग डे था। प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) से फोन आने के बाद राज्य सरकार की ओर से गुरुवार शाम 6 बजे एक्सटेंशन की चिट्ठी केंद्रीय कार्मिक मंत्रालय (डीओपीटी) को भेजी गई। ठीक डेढ़ घंटे बाद मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने एक्सटेंशन की जानकारी दी।
क्या हैं नियम?
1 साल का एक्सटेंशन विशेष छूट में ही
- केंद्र सरकार के नियम अनुसार, अगर किसी सीएस की सेवाएं राज्य के हित में जरूरी हों तो रिटायरमेंट के बाद भी मौका दिया जा सकता है। यह अखिल भारतीय सेवा (डेथ-कम रिटायरमेंट बेनिफिट्स) रूल, 1958 के रूल 16(1) में प्रावधान है।
- साधारण तौर पर एक्सटेंशन अधिकतम 6 महीने का होता है।
- 6 महीने से ज्यादा की जरूरत होने पर रूल-3, 1960 के तहत राज्य सरकार केंद्र से सिफारिश करती है और केंद्र तय करता है कि अधिकारी को 1 साल तक और सेवा में रखा जाए।
- एक ‘बैकअप प्रावधान’ भी है, जिसके तहत नियमों में उल्लेख न होने पर सरकार विशेष आदेश से रास्ता बना सकती है।
- किस राज्य में सीएस को मिला सीधे एक साल का एक्सटेंशन?
- – हरियाणा के सीएस अनुराग रस्तोगी, यूपी के दुर्गा शंकर मिश्रा व ओडिशा में मनोज आहूजा।
मप्र में इन्हें मिला एक्सटेंशन
- वीरा राणा : एक बार 6 माह (अप्रैल 2024 से सितंबर 2024)
- इकबाल सिंह बैंस : दो बार 6-6 माह (नवंबर 2022 से नवंबर 2023 तक)
- बीपी सिंह : एक बार 6 माह (जुलाई 18 से दिसंबर 2018)
- आर परशुराम : एक बार 6 माह (2013 में)
- वीरा राणा व बैंस के बाद जैन मप्र के लगातार तीसरे सीएस हैं जिन्हें एक्सटेंशन मिला है।
अब सीनियॉरिटी के अनुसार दावेदारी 1. डॉ. राजेश राजौरा (1990 बैच) : मई 2027 में रिटायरमेंट है। जैन का एक्सटेंशन पूरा होने के बाद भी 9 माह बचेंगे। यानी सीएस पद के लिए दावेदारी बरकरार। 2. अलका उपाध्याय (1990 बैच) : मई 2026 में रिटायरमेंट है। यानी दावेदारी खत्म। 3. मनोज गोविल (1991 बैच) : मार्च 2029 में रिटायरमेंट है। दावेदारी रहेगी। 4. अशोक वर्णवाल (1991 बैच): जनवरी 2027 में रिटायर होंगे। दावेदारी अभी है। 5. मनु श्रीवास्तव (1991 बैच) : सितंबर 2027 में रिटायरमेंट। दावेदार हैं। (1992 बैच में जाते हैं तो इन सभी को सुपरसीड करना होगा।)