सीहोर के इछावर क्षेत्र स्थित बृजेश नगर हायर सेकेंडरी स्कूल में निर्माणाधीन भवन की गुणवत्ता को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। लोक निर्माण विभाग द्वारा 1 करोड़ 37 लाख रुपए की लागत से बनाए जा रहे अतिरिक्त भवन में घटिया सामग्री का उपयोग किया जा रहा है।
.
स्कूल के प्राचार्य बाबूलाल मालवीय ने बताया कि उन्होंने कई बार ठेकेदार को निर्माण की गुणवत्ता सुधारने के लिए कहा, लेकिन उसने कोई ध्यान नहीं दिया। जब जनप्रतिनिधियों और छात्रों ने इस मुद्दे को उठाया, तो ठेकेदार ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया।
इससे नाराज होकर शुक्रवार को स्कूली छात्र-छात्राओं और ग्रामीणों ने स्कूल परिसर में विरोध प्रदर्शन किया। छात्रा सुनिता मालवीय ने कहा कि विद्यालय का भवन ठेकेदार घटिया निर्माण करवा रहा है, इसलिए उन्हें विरोध करना पड़ा।
ग्रामीणों और छात्रों का कहना है कि इतनी बड़ी राशि से बन रहे भवन में गुणवत्ता की अनदेखी नहीं की जा सकती। उन्होंने निर्माण कार्य की जांच और ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।